
सीहोर। नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए भोपाल संभाग में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीहोर जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान सीहोर से 42.4 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। वहीं पूरे संभाग के पांचों जिलों में अब तक कुल 426.80 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 134 केस दर्ज कर 249 आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बताया कि सभी संबंधित विभागों के तालमेल से यह अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दिनों हुई कार्रवाई में जिलेवार जब्ती के आंकड़े इस प्रकार हैं, जिसमें सीहोर में 42.4 किलो गांजा जब्त किया है, जबकि राजगढ़ में 241.1 किलो गांजा संभाग में सर्वाधिक, विदिशा में 117.7 किलो गांजा और गांजे के 22 हरे पौधे, रायसेन में 15.295 किलो गांजा, भोपाल देहात में 10.27 किलो गांजा जब्त किया है।
रासुका लगाने और नेटवर्क ध्वस्त करने के निर्देश
कमिश्नर शर्मा ने सीहोर सहित सभी जिलों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्रग्स और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री व परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि नशे के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाए और दोषियों पर एनडीपीएस एक्ट के साथ-साथ रासुका के तहत भी कड़ी कार्रवाई की जाए। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्कूल-कॉलेजों और छात्रावासों में बनेंगी एंटी ड्रग्स समितियां
युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए कमिश्नर ने सीहोर और संभाग के अन्य जिलों के सभी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और छात्रावासों में एंटी ड्रग्स समितियां गठित करने के निर्देश दिए हैं। ये समितियां नियमित बैठकें कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगी। साथ ही कहीं भी नशीले पदार्थ या अवैध शराब बिकने की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस और प्रशासन को जानकारी देंगी।
नशामुक्ति केंद्रों का होगा नियमित निरीक्षण
प्रशासनिक अमले को जिलों में संचालित नशामुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि वहां व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें। बैठक के दौरान राजगढ़ कलेक्टर द्वारा जिले में एक भी नशामुक्ति केंद्र न होने की जानकारी देने पर कमिश्नर ने सामाजिक न्याय विभाग को इस संबंध में भेजे गए प्रस्ताव पर जल्द कार्रवाई करने को कहा है।