
सीहोर। पुलिस मुख्यालय से मिले सख्त निर्देशों के बाद जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार और तेजी से जारी है। पिछले पांच दिनों से पूरे जिले में तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब थाना जावर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी को रंगे हाथों दबोचते हुए उसके कब्जे से 475 ग्राम अवैध गांजा और तौल कांटा जब्त किया है।
पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों के स्पष्ट निर्देशों के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे तथा एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में जावर पुलिस ने यह प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी जावर निरीक्षक श्याम कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पुलिस लगातार सतर्क है और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।
ग्राम कजलास रोड पर घेराबंदी
पुलिस को 5 नवंबर को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम कजलास रोड स्थित घाट वाले महाराज के मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति सफेद रंग के झोले में गांजा रखकर उसे बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना जावर पुलिस ने बिना देर किए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस बल ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम सुरेंद्र चौरसिया पिता रतनलाल निवासी बमूलिया रायमल बताया। पुलिस ने जब उसकी विधिवत तलाशी लीए तो उसके पास रखे सफेद झोले से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। तौल कराने पर गांजे का कुल वजन 475 ग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2500 रुपये है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।