
सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुबेरेश्वरधाम में इस वर्ष भी दीपावली का पर्व अपार आस्था, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में विठलेश सेवा समिति और श्रद्धालुओं द्वारा दीप पर्व को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पांच दिवसीय दीपोत्सव के तहत शुक्रवार को धनतेरस पर भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद शनिवार को रूप चौदस छोटी दीपावली, रविवार को महालक्ष्मी व कुबेर पूजा, सोमवार को गोवर्धन पूजा तथा इसके बाद भाईदूज का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हजारों आकर्षक और पारंपरिक मिट्टी के दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा।
8 नवंबर को होगा बाबा कुबेर भंडारी का अभिषेक
दीपोत्सव के विशेष अनुष्ठानों की श्रृंखला में आगामी 8 नवंबर को कुबेरेश्वरधाम में बाबा कुबेर भंडारी का विशेष अभिषेक-पूजन, खजाना पूजन और कई अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मिट्टी की कला और पारंपरिक दीपों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंडित प्रदीप मिश्रा की प्रेरणा से हर साल हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचकर दीप प्रज्वलित करते हैं।
लगेगा विभिन्न पकवानों का अन्नकूट भोग
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि दीपावली पर्व के अवसर पर धाम में भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। सनातन परंपरा के अनुसार इस अवसर पर भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों व पकवानों का भोग अर्पित किया जाएगा। अन्नकूट के दौरान भगवान के समक्ष व्यंजनों से आकर्षक आकृतियां सजाई जाएंगी।
श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था
कार्तिक मास के चलते कुबेरेश्वरधाम में प्रतिदिन भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए विठलेश सेवा समिति के पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित समिति के सदस्यों द्वारा विशाल भोजनशाला के माध्यम से निरंतर नि:शुल्क भोजन प्रसादी का वितरण किया जा रहा है। दीपावली और अन्नकूट महोत्सव के दौरान भी आने वाले भक्तों के लिए सुरक्षा, दर्शन और भोजन प्रसादी की व्यापक व्यवस्था की गई है।