
सीहोर। केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी स्व. श्रीमती काशीबाई चौहान की स्मृति में 5 नवंबर उनके पैतृक गांव जैत में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी पैतृक गांव जैत पहुंचे। उन्होंने स्व. श्रीमती काशीबाई चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और अपनी ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सुरेश पचौरी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुख की घड़ी में चौहान परिवार को ढांढस बंधाया।
प्रदेश भर से पहुंचे मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि
दिवंगत माताजी को नमन करने के लिए आज सुबह से ही जैत में वीवीआईपी, केंद्र व राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों, वरिष्ठ नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और आम समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने शोक सभा में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
30 अक्टूबर को हुआ था निधन
बता दें श्रीमती काशीबाई चौहान का निधन बीते 30 अक्टूबर को हुआ था। उनके देवलोकगमन की खबर से राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई थी।
जैत में मौजूद शिवराज सिंह चौहान
अपनी माताजी की स्मृति में आयोजित शोक सभा में शामिल होने और सांत्वना देने आए आत्मीयजनों से मिलने के लिए स्वयं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने पैतृक गांव जैत में मौजूद रहे। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग और यातायात प्रबंधन के कड़े इंतजाम किए थे।
चौहान परिवार ने व्यक्त किया आभार
दुख की इस घड़ी में पूरे चौहान परिवार शिवराज सिंह चौहान, साधना चौहान, नरेंद्र सिंह चौहान, अनीता चौहान, महेश पटेल, शशि पटेल, रोहित सिंह चौहान, रश्मि चौहान, वरुण सिंह चौहान, आरुषि चौहान एवं समस्त चौहान परिवार ने शोक सभा में उपस्थित होकर दिवंगत माताजी को अपनी पुष्पांजलि अर्पित करने वाले सभी स्नेहीजनों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।