दिवाली पर जागा खाद्य विभाग, होटलों और भोजनालयों पर कार्रवाई, 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

सीहोर। त्योहारों के मौसम और दीपावली के आगमन के साथ ही राजस्व एवं खाद्य विभाग की टीम अचानक सक्रिय हो गई है। जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग और दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कलेक्टर बालागुरू के. के दिए गए कड़े निर्देशों के पालन में प्रशासनिक टीम ने गुरुवार को सीहोर नगर के विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में अचानक औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से घरेलू गैस सिलेंडरों का कमर्शियल इस्तेमाल करने वाले होटल और भोजनालय संचालकों में हडक़ंप मच गया।
तहसीलदार अमित सिंह तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश चंदेल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, होटलों, रेस्टोरेंटों और भोजनालयों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर महंगे व्यावसायिक सिलेंडरों के बजाय नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सस्ते घरेलू गैस सिलेंडरों का बेधडक़ इस्तेमाल किया जा रहा था।
गैस अधिनियम के तहत जब्ती
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने तत्काल सख्त कदम उठाए। अधिकारियों ने द्रवित पेट्रोलियम गैस आपूर्ति एवं वितरण विनियमन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 10 प्रतिष्ठानों से 12 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए। जब्त किए गए सिलेंडरों को जब्त कर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जांच और कार्रवाई का सिलसिला रहेगा जारी
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह से अवैध और दंडात्मक अपराध है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान और उसके बाद भी शहर के साथ-साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के सभी होटल, ढाबों और भोजनालयों पर सतत निगरानी रखी जाएगी। नियम तोडऩे वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Exit mobile version