सीहोर की अनूठी अदालत, यहां ‘जज’ नहीं, पंड्या और कांडी की धुन सुनाती है फैसला

सीहोर। दीपावली का पावन पर्व खुशियों, रोशनी, आतिशबाजी और मिठाइयों का उल्लास है। इस त्योहार को लोग अपने-अपने तरीके से मनाते हैं, लेकिन सीहोर जिले में एक ऐसा गांव है जहां दीपावली की अगली सुबह यानी पड़वा पर एक ऐसा सनसनीखेज और रहस्यमयी नजारा देखने को मिलता है, जो किसी फिल्मी कहानी से भी ज्यादा रोमांचक लगता है। यहां न तो कोई कोर्ट रूम होता है न कानून की मोटी-मोटी किताबें, न कोई जज और न ही वकीलों की लंबी-चौड़ी दलीलें। यहां सजती है सांपों की अनोखी अदालत, जहां फैसले पंड्या (पुजारी) और एक विशेष धुन (कांडी) तय करती है। सोमवार को भी कुछ इसी तरह का नजारा देखने को मिला।
बता दें जिला मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है ग्राम लसूडिय़ा परिहार। इस छोटे से गांव में यह परंपरा कोई एक-दो साल से नहीं, बल्कि करीब 70 वर्षों से पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही है। दीपावली के ठीक दूसरे दिन यानी पड़वा के पावन अवसर पर गांव के रामजानकी मंदिर स्थित हनुमान दरबार में सुबह से ही भारी जनसैलाब उमडऩे लगता है। यहां वे लोग दूर-दूर से खिंचे चले आते हैं जिन्हें या तो सालभर के भीतर किसी सांप ने काटा होता है या फिर जिनके मन में इस सदियों पुरानी और अजीबोगरीब परंपरा को अपनी आंखों से देखने की जिज्ञासा होती है। एक तरफ जहां पीडि़तों के चेहरे पर भय और राहत पाने की उम्मीद होती है, वहीं दूसरी तरफ दर्शकों के दिलों में एक अनजाना कौतूहल रहता है। यही नजारा सोमवार को भी देखने को मिला।
‘कांडी’ की धुन और झूमते दिखे लोग
पड़वा यानि सोमवार को इस अनूठी अदालत की कार्यवाही की शुरुआत बेहद नाटकीय अंदाज में हुई। मंदिर के पुजारी द्वारा जैसे ही विशेष रूप से तैयार की गई ‘कांडी’ पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाई, वैसे ही मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह बदल गया। कांडी की गूंज के साथ ही दरबार में मौजूद कुछ लोग अचानक झूमने और अजीब तरह से बलखाकर लहराने लगे। इस परंपरा में गहरी आस्था रखने वाले ग्रामीण इस घटना को सीधे तौर पर शरीर में सांप की आत्मा या साए के प्रवेश के रूप में देखने लगे। इसके बाद शुरू हुआ असली अदालती ड्रामा, सांप के डसे हुए पीडि़त व्यक्ति का सामने आना और उसके जरिए सांप के काटने की असली वजह सबके सामने बयान करना।
तूने मेरा जोड़ा बिछड़ाया था, इसलिए डसा
सोमवार को आयोजित इस दरबार में खुलासे और कहानियां सुनने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। इस अदालत में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जो लोक-कथाओं जैसे प्रतीत होते मिले। कई मामलों में पीडि़त के शरीर पर आई कथित आत्मा यह दावा करती मिली कि उसने फलां व्यक्ति से पुराना हिसाब चुकाने या बदला लेने के लिए उसे काटा था।
जोड़ा बिछडऩे का गम
इस अनोखी अदालत के दौरान पुराने बुजुर्गों ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक बार दरबार के दौरान एक व्यक्ति के शरीर में नागिन के आने का दावा किया गया। उस व्यक्ति ने कथित रूप से चीखते हुए कहा इसने मेरा जोड़ा बिछड़ा दिया था, इसलिए मैंने इसे नहीं छोड़ा और डस लिया।
पंड्या लेते हैं वचन
बुजुर्गों ने बताया कि जब इस तरह की दलीलें सामने आती हैं, तब मंदिर के पंड्या और बुजुर्ग मध्यस्थ की भूमिका निभाते हैं। वे उस कथित नाग-नागिन को समझाते-बुझाते हैं और अंत में कसम दिलाकर वचन लेते हैं कि वह अब भविष्य में इस ग्रामीण या उसके परिवार को कभी परेशान नहीं करेगा। वचन मिलने के बाद पीडि़त व्यक्ति सामान्य हो जाता है और राहत की सांस लेता है।
70 साल जारी है यह अदालत
बुजुर्गों ने बताया कि लसूडिय़ा परिहार गांव में इस परंपरा की नींव पंड्या परिवार के पूर्वजों ने रखी थी। वक्त गुजरता गया पीढिय़ां बदल गईं, लेकिन इस मान्यता पर लोगों की अटूट आस्था कम होने के बजाय और गहरी होती चली गई। आज यह परंपरा सिर्फ लसूडिय़ा परिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि सीहोर जिले के अलावा शाजापुर, राजगढ़, भोपाल और देवास जैसे दूर-दराज के जिलों से भी लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं।

Exit mobile version