
सीहोर। दीपावली के पावन प्रकाश पर्व पर जिला मुख्यालय के सैकड़ाखेड़ी स्थित शहीद स्मारक पर अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध क्रांति का बिगुल फूंकने वाले वीर सैनिकों की स्मृति में 356 दीप प्रज्ज्वलित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अमर शहीदों के त्याग, बलिदान, साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन प्रथम सेवक, पार्षद नरेंद्र राजपूत के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर देवेंद्र आर्य, दिनेश कटारे, श्याम मेहता, अनिल दुबे एवं बलराम यादव ने सहभागिता कर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान शहीद स्मारक पर प्रज्ज्वलित 356 दीप उन वीर सैनिकों के बलिदान के प्रतीक बने, जिन्होंने देश की आजादी और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। दीपों की रोशनी के बीच उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
घटना का स्मरण
पार्षद राजपूत ने संबोधित करते हुए कहा कि रिपोर्टों में उल्लेख मिलता है कि 14 जनवरी 1858 को जनरल ह्यू रोज की सेना ने सीहोर में गिरफ्तार विद्रोही सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया था। इन रिपोर्टों के अनुसार इस घटना में 356 विद्रोही सैनिकों के मारे जाने का उल्लेख मिलता है। इनमें से 149 सैनिकों को सैकड़ाखेड़ी के चांदमारी मैदान में एक ही स्थान पर गोली मारे जाने की बात दर्ज है।
इस अवसर पर प्रथम सेवक नरेंद्र राजपूत ने शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि दीपावली केवल प्रकाश और खुशियों का पर्व नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों को याद करने का अवसर भी है, जिनके त्याग और संघर्ष ने देश के स्वाभिमान की रक्षा की। हमें अपने शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए उनकी राष्ट्रभक्ति और साहस से प्रेरणा लेनी चाहिए।