बुधनी में एसआईआर से कटे 6236 नाम, अब दोबारा जुड़ेंगे

सीहोर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) सर्वे के दौरान मतदाता सूची से बाहर हुए पात्र मतदाताओं का नाम दोबारा जोडऩे के लिए निर्वाचन आयोग ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत आयोग की टीमें अक्टूबर में विशेष अभियान चलाकर शिफ्टेड (स्थान स्थानांतरित) और अबसेंट (अनुपस्थित) श्रेणी में रखे गए मतदाताओं की तलाश करेंगी। बीएलओ घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और उनसे फॉर्म-6 भरवाकर सूची में उनका नाम फिर से शामिल करेंगे।
बता दें चार महीने चले एसआईआर सर्वे के बाद 21 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले भर में कुल 28,728 मतदाताओं के नाम काटे गए थे, जिससे कुल मतदाता संख्या 10 लाख 26 हजार 574 से घटकर 9 लाख 97 हजार 846 रह गई। इसमें बुधनी विधानसभा क्षेत्र पर भी बड़ा असर पड़ा है।
कहां कितने नाम हटाए
एसआईआर के दौरान बुधनी से 6236 मतदाताओं के नाम कम हुए हैं। जबकि सीहोर में सर्वाधिक 14 हजार 384, इछावर में 4425 और आष्टा में 3683 मतदाताओं के नाम हटाए गए।
नाम कटने की मुख्य वजहें
जिले भर में सर्वे के दौरान 9164 मतदाताओं की मृत्यु, 6422 के मौके पर न मिलने और 24 हजार 910 मतदाताओं के दूसरी जगह शिफ्ट होने के कारण नाम काटे गए। इसके अलावा 2673 दोहरी प्रविष्टियां और वर्ष 2003 की सूची से मिलान न होने के कारण 1954 मतदाता अपात्र पाए गए।
युवाओं के लिए कॉलेजों में लगेंगे विशेष शिविर
सूची से हटाए गए लोगों को दोबारा जोडऩे के साथ-साथ नए युवा मतदाताओं का नाम दर्ज करने के लिए कॉलेजों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से बीएलओ मौके पर ही फॉर्म भरवाएंगे, ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
बुधनी में 85 वर्ष से अधिक उम्र के 3716 बुजुर्ग मतदाता
आंकड़ों के अनुसार जिले में 85 वर्ष से अधिक आयु के कुल 16 हजार 705 मतदाता हैं। इनमें बुधनी में 3716 बुजुर्ग मतदाता मौजूद हैं। वहीं जिले में 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के 11 हजार 843 नए मतदाता पंजीकृत हैं।
जेंडर रेशियो में आई मामूली गिरावट
जिले में कुल मतदाताओं की संख्या वर्ष 2023 के 9.73 लाख की तुलना में बढक़र 9.97 लाख बढऩे के बावजूद लैंगिक अनुपात में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2023 के चुनाव में प्रति 1000 पुरुष मतदाताओं पर 929 महिलाएं थीं, जो नई सूची 2026 में घटकर 927 रह गई हैं। वर्तमान में जिले में 5 लाख 17 हजार 850 पुरुष, 4 लाख 79 हजार 974 महिलाएं और 22 अन्य मतदाता पंजीकृत हैं।

Exit mobile version