शाहगंज में 72 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार, नर्मदा तट पर बेअसर साबित हो रहे सरकारी आदेश

सीहोर। नर्मदा नदी के पावन तट पर बसे शाहगंज में अवैध शराब का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ जहां पुलिस अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नर्मदा तटीय क्षेत्रों में शराबबंदी के सरकारी आदेश धरातल पर पूरी तरह बेअसर साबित हो रहे हैं।
एसपी सोनाक्षी सक्सेना एवं एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे के निर्देशों पर एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी शाहगंज दिनेश सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने बनेटा प्लाट में दबिश देकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
कमरे का ताला तोडक़र जब्त की 8 पेटी अंग्रेजी शराब
17 अगस्त को उपनिरीक्षक मनोज मालवीय को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बनेटा प्लाट में संदेही विनोद सैनी अपने घर के कमरे में अवैध शराब छिपाकर रखे हुए है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला खुलवाया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे से गोवा कंपनी की अंग्रेजी शराब की 8 पेटियां कुल 400 क्वार्टर बरामद हुईं, जिसकी अनुमानित कीमत 44 हजार रुपए है।
पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी विनोद सैनी निवासी बनेटा प्लाट को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, उसके खिलाफ पूर्व में भी आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में एसआई मनोज मालवीय, प्रधान आरक्षक कपूर तुमडाम, आरक्षक दिनेश गठौले और महिला आरक्षक दीपिका चौहान का योगदान रहा।
7 महीनों में दर्ज हुए 69 प्रकरण
पुलिस की इस ताजा कार्रवाई के बीच क्षेत्र की जमीनी हकीकत भी सामने आ रही है। 1 जनवरी से 31 जुलाई तक थाना शाहगंज में आबकारी एक्ट के तहत दर्ज आंकड़ों के अनुसार क्षेत्र में कुल 69 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें सबसे चिंताजनक स्थिति शाहगंज शहर की है, जहां अकेले 29 मामले दर्ज हुए। इसके अलावा बनेटा प्लाट में 7, बासगहन में 7, जोनतला में 4, खटपुरा व खिडिय़ाकुर्मी में 3-3, इटवार, खर्रा व ठीकरी में 2-2 तथा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में 10 प्रकरण दर्ज हुए हैं।
नर्मदा तट पर सरकारी बैन बेअसर
बता दें पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नर्मदा तटीय क्षेत्रों एवं धार्मिक नगरों में शराबबंदी के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद शाहगंज में धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब के कारण नर्मदा परिक्रमा पर निकले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 15 जुलाई से 30 अगस्त तक चलाए गए विशेष नशा मुक्ति अभियान के बावजूद क्षेत्र में अवैध बिक्री जारी रहना पुलिस व प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।

Exit mobile version