जिला अस्पताल परिसर में दो महिलाओं के बीच जमकर हुई झूमाझटकी

सीहोर। जिला अस्पताल परिसर उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया, जब यहां दो महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर जबरदस्त झूमाझटकी और मारपीट हो गई। दोनों महिलाओं ने सरेआम एक-दूसरे के बाल पकड़े, घसीटा। इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान हैरान करने वाली बात यह रही कि अस्पताल का कोई भी जिम्मेदार स्टाफ या सुरक्षाकर्मी मौके पर मौजूद नहीं था। अब इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
बता दें यह पूरी घटना अस्पताल के मुख्य परिसर की बताई जा रही है। सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों महिलाएं उग्र हो गईं। मारपीट के दौरान जब एक महिला नीचे जमीन पर गिर गई तो दूसरी महिला ने उस पर लाठी से ताबड़तोड़ कई वार किए। जिस समय यह हंगामा चल रहा था, वहां मरीजों और परिजनों के साथ राहगीरों की भारी भीड़ जमा थी। लेकिन किसी ने भी आगे बढक़र दोनों को रोकने या बीच-बचाव करने की जहमत नहीं उठाई। लोग मूकदर्शक बने रहे और अपने मोबाइल से इस मारपीट का वीडियो बनाते रहे।
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल
जिला अस्पताल में हर साल मरीजों, डॉक्टरों और परिजनों की सुरक्षा के नाम पर लाखों रुपये खर्च कर बकायदा सुरक्षा गाड्र्स की तैनाती की जाती है। इसके बावजूद अस्पताल के मुख्य परिसर में काफी देर तक यह सरेआम गुंडागर्दी और मारपीट चलती रही, लेकिन उन्हें रोकने के लिए एक भी गार्ड या जिम्मेदार कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस लापरवाही ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।
अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली से नाराजगी
इस घटना के बाद अस्पताल आने वाले अन्य मरीजों और उनके परिजनों में सुरक्षा को लेकर डर और नाराजगी देखी जा रही है। नागरिकों ने अस्पताल प्रबंधन से मांग की है कि परिसर में चौबीसों घंटे सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं के कारण कोई बड़ा हादसा न हो।

Exit mobile version