पिता की स्मृति में 22 वर्षों से जारी है रक्तदान का महायज्ञ, इस बार हुआ 90 यूनिट रक्तदान

सीहोर। जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में 16 जून को स्वर्गीय कमलेश कुमार मालवीय की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मालवीय परिवार द्वारा वर्ष 2004 से निरंतर आयोजित किया जा रहा यह शिविर आज जिले में मानव सेवा का एक बड़ा जनअभियान बन चुका है। इस वर्ष भी शिविर में मालवीय परिवार की इस पुनीत पहल को आगे बढ़ाते हुए युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और रिकॉर्ड 90 यूनिट रक्तदान कर मानवता की सेवा का अनूठा संदेश दिया।
शिविर में उपस्थित वक्ताओं ने मालवीय परिवार के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि स्वर्गीय कमलेश कुमार मालवीय का जीवन हमेशा जनहित और परोपकार के लिए समर्पित रहा। उनकी विदाई के बाद भी मालवीय परिवार ने उनकी सेवा भावना को जीवित रखा है और पिछले 22 वर्षों से लगातार इस शिविर के माध्यम से हजारों जरूरतमंदों की जान बचाने का काम कर रहा है।
अरुणा सुदेश राय ने बढ़ाया उत्साह
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित समाजसेवी अरुणा सुदेश राय ने मालवीय परिवार के इस प्रयास की सराहना की और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा रक्तदान सबसे बड़ा महादान है, जिससे किसी तड़पते हुए मरीज को नया जीवन मिल सकता है। मालवीय परिवार द्वारा हर साल इस परंपरा को निभाना समाज के लिए प्रेरणादायी है।
शहर के गणमान्य नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि
शिविर के दौरान डॉक्टरों की देखरेख में रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित रूप से ब्लड कलेक्ट किया गया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, भाजपा जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, सीएस डॉ. उमेश श्रीवास्तव, डॉ. नवीन मेहर, डॉ. हितेश शर्मा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मालवीय परिवार की ओर से सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने स्व. कमलेश कुमार मालवीय जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए सेवा के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Exit mobile version