शारदीय नवरात्रि में विजयासन देवी धाम सलकनपुर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

सीहोर। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से नवमी तक प्रसिद्ध विजयासन देवी धाम सलकनपुर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर भक्तों की भारी भीड़ रही। लाखों श्रद्धालुओं ने सलकनपुर पहुंचकर मां विजयासन देवी के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। दूर-दराज के क्षेत्रों से महिला, पुरुष, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे धाम में नौ दिनों तक भक्ति, श्रद्धा और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस वर्ष दर्शनार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली।
बता दें नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मां विजयासन देवी के सुगम एवं सुरक्षित दर्शन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। कलेक्टर बालागुरू केण् के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे दर्शनार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुविधाओं का रखा खास ध्यान
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ सफाई, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा और यातायात प्रबंधन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। भीड़ के दौरान व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लगातार सक्रिय रहे। यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने पर भी ध्यान दिया गया। प्रशासनिक अमले की सतत सक्रियता से नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को सुविधाजनक ढंग से दर्शन कराने के लिए व्यवस्थाएं संचालित की गईं।
आस्था के साथ व्यवस्थाओं का बेहतर समन्वय
मां विजयासन देवी धाम सलकनपुर में नवरात्रि के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ क्षेत्र में माता के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाती है। देवी आराधना के इस विशेष पर्व पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुखए शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए किए गए इंतजामों तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों ने पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



