
सीहोर। शहर के खेल जगत और के लिए सोमवार का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया। शहर के ऐतिहासिक चर्च ग्राउंड पर खिलाडिय़ों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए विधायक सुदेश राय ने 78 लाख की लागत से बनने वाले आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल शिक्षक खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मल्टीपर्पज हॉल की इस बड़ी सौगात से गदगद खेल शिक्षकों, खिलाडिय़ों और चर्च ग्राउंड पर नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक करने वाले क्षेत्र के नागरिकों ने विधायक सुदेश राय का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया और उनका आभार जताया।
प्रतिभाओं को निखारने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा यह हॉल
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि शहर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और सुविधाएं मिलने की आवश्यकता है। यह मल्टीपर्पज हॉल विशेष रूप से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया जा रहा है। यहां खिलाडिय़ों को न केवल बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि विभिन्न खेल आयोजनों के लिए यह एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा। इससे क्षेत्र के ग्रामीण व शहरी युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के नए और बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
सीएम और खेल मंत्री का माना आभार
विधायक सुदेश राय ने इस सौगात का श्रेय प्रदेश नेतृत्व को देते हुए कहा कि सीहोर को मिली मल्टीपर्पज हॉल जैसी यह महत्वपूर्ण सौगात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं खेल व युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के विशेष आशीर्वाद और सहयोग से संभव हो सकी है। उन्होंने सीहोर के खिलाडिय़ों की ओर से मुख्यमंत्री और खेल मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान चर्च ग्राउंड पर उत्साह का माहौल देखा गया। इस मौके पर शहर के वरिष्ठ खेल प्रेमी, विभिन्न खेलों के कोच, पीटीआई, युवा खिलाड़ी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने इस निर्माण कार्य के शुरू होने पर हर्ष व्यक्त किया।