बाराखंबा मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, भगवान पशुपतिनाथ को दूध चढ़ाने पहुंचे हजारों श्रद्धालु

सीहोर। दीपावली के दूसरे दिन यानी पड़वा पर जिले की इछावर तहसील के ग्राम देवपुरा स्थित प्रसिद्ध बाराखंबा मेले में सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस एक दिवसीय पारंपरिक मेले में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में पशुपालक और श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से शाम तक देवशिला पर गाय-भैंस का दूध चढ़ाने का सिलसिला जारी रहा। हालांकि भारी भीड़ के बीच पुलिस और प्रशासन की लचर व्यवस्था ने श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा दीं, जिससे मेले के मुख्य रास्तों पर कई घंटों तक भीषण जाम लगा रहा।
परंपरा के अनुसार इस मेले में पशुपालक अपने मवेशियों की अच्छी सेहत और खुशहाली की कामना लेकर आते हैं। श्रद्धालुओं ने भगवान पशुपतिनाथ बारह खंबा वाले देव महाराज की देवशिला पर गाय और भैंस का शुद्ध दूध अर्पित किया। ऐसी अटूट लोक-मान्यता है कि पड़वा के दिन यहां दूध चढ़ाने से पशु सालभर बीमारियों से बचे रहते हैं, दूध उत्पादन में वृद्धि होती है और गांव में सुख-समृद्धि आती है।

घंटों जाम में फंसे रहे बच्चे और बुजुर्ग
हजारों की भीड़ उमडऩे के कारण मेले की ओर आने-जाने वाले मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अव्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पुलिस व प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। श्रद्धालुओं का कहना था कि मेले में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं था। साथ ही राजस्व विभाग के कर्मचारी भी मौके से नदारद दिखे। वाहनों के बेतरतीब खड़े होने और जाम लगने के कारण महिलाओंए बच्चों और बुजुर्गों को पैदल चलने तक में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना था कि प्रशासन को इस वार्षिक मेले और इसमें आने वाली भीड़ की पहले से पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।
क्या है बाराखंबा नाम और अनूठी परंपरा की कहानी
इछावर तहसील मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित देवपुरा गांव में जनजातीय समुदाय के आराध्य देव की एक प्राचीन शिला है, जिन्हें बारह खंबा वाले देव महाराज के नाम से पूजा जाता है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यह देवशिला 12 विशाल पत्थर के स्तंभों खंभों से बनी छत के नीचे स्थापित थी। इसी वजह से इस स्थान का नाम बाराखंबा पड़ा और आगे चलकर देवपुरा गांव भी इसी नाम से पहचाना जाने लगा।
ऐसे हुई मेले की शुरुआत
स्थानीय किंवदंती के मुताबिक पुराने समय में एक किसान के पशु लगातार बीमार होकर मर रहे थे। एक दिन जंगल में मिले एक रहस्यमयी ग्वाले ने उसे दीपावली के पड़वा पर बाराखंबा की देवशिला पर दूध चढ़ाने की सलाह दी। किसान ने ऐसा ही किया और उसके पशु स्वस्थ हो गए। जब यह बात पूरे गांव में फैलीए तो हर साल दीपावली के दूसरे दिन यहां दूध चढ़ाने की परंपरा शुरू हो गई, जिसने आज एक विशाल मेले का रूप ले लिया है।



