Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

अंधे मोड़ पर पलटा महिलाओं से भरा तीन पहिया वाहन…

सीहोर। गोपालपुर थाना क्षेत्र में बीती शाम एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। सातदेव में आयोजित दादाजी धूनीवाले सरकार के धार्मिक यज्ञ में शामिल होने जा रही महिलाओं से भरा एक तीन पहिया वाहन धोलपुर गांव के पास अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में प्रेम बाई पति रामशंकर सैनी उम्र लगभग 60 साल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन महिलाएं घायल हो गईं। घायलों का उपचार सिविल अस्पताल भैरूंदा में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बडऩगर से सात महिलाएं, एक चालक और एक अन्य युवक तीन पहिया वाहन से ग्राम सातदेव में चल रहे यज्ञ में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब वाहन धोलपुर और चोरसाखेड़ी के बीच स्थित अंधे मोड़ पर पहुंचा, तभी अचानक वाहन का एक पहिया सडक़ से नीचे उतर गया। इससे चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलटी खा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में सवार महिलाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वाहन के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर निजी वाहनों से सिविल अस्पताल भैरूंदा पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में उनका उपचार जारी है और कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही भैरूंदा थाना पुलिस सिविल अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। इधर हादसे की खबर मिलते ही घायलों और मृतका के परिजन बड़ी संख्या में सिविल अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
एसडीओपी ने बताया कि तीन पहिया वाहन पलटने से एक महिला की मौत हुई है, जबकि अन्य महिलाएं घायल हैं। प्रारंभिक जांच में वाहन का अनियंत्रित होना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामले में जीरो पर कायमी कर संबंधित थाना गोपालपुर को डायरी भेज दी है। आगे की जांच वहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button