
सीहोर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशीबाई का 30 अक्टूबर को देवलोकगमन हो गया है। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। दिवंगत माताजी की पावन स्मृति में श्रद्धांजलि एवं शोक सभा का आयोजन उनके पैतृक गांव जैत में किया जाएगा।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार काशीबाईजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विशेष शोक सभा का आयोजन गृहग्राम जैत में रखा गया है। बता दें इस शोक सभा में परिजनों, आत्मीयजनों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के पहुंचकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने और श्रद्धांजलि अर्पित करने की संभावना है। इस दुख की घड़ी में पूरा चौहान परिवार और उनके स्नेहीजन शोक में डूबे हुए हैं। शोक संतप्त परिवार में साधना-शिवराज सिंह चौहान, अनीता-नरेंद्र सिंह चौहान, शशि-महेश पटेल, रश्मि-रोहित सिंह चौहान, आरुषि-वरुण सिंह चौहान एवं समस्त चौहान परिवार ने सभी आत्मीयजनों से इस शोक सभा में उपस्थित होकर दिवंगत माताजी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया है।