राष्ट्रीय एकता दिवस पर योग साधकों ने ली एकता की शपथ

पुलिस लाइन ग्राउंड पर हुआ विशेष योग अभ्यास

सीहोर। राष्ट्रीय एकता दिवस और देश के पहले गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को मनाई जा रही है। इस खास अवसर पर पुलिस लाइन ग्राउंड पर प्रतिदिन योग की पाठशाला लगाने वाले योग साधकों ने एक अनूठी पहल की। योग साधकों ने सरदार पटेल के सपनों के अखंड और मजबूत भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।
बता दें पुलिस लाइन ग्राउंड पर प्रतिदिन सुबह योग की एक विशेष पाठशाला संचालित की जाती है, जहां योग साधक स्वास्थ्य लाभ लेते हैं। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर योग सत्र की शुरुआत विशेष रूप से राष्ट्र और एकता को समर्पित रही। योग साधकों ने ग्राउंड पर एकत्रित होकर विभिन्न योग आसनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग को जीवन का विशेष हिस्सा बताते हुए इसके महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। योग गुरू दिनेश शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार योग हमारे शरीर के अंगों को जोडक़र एक स्वस्थ और संतुलित जीवन प्रदान करता है, ठीक उसी प्रकार अनुशासन और सद्भाव समाज और देश को एकजुट रखते हैं। कपिल सूर्यवंशी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया था। आज के समय में शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना ही देश सेवा का एक सशक्त माध्यम है। नियमित योग अभ्यास से न केवल शरीर रोगमुक्त रहता है, बल्कि यह व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी प्रबल करता है।
इन्होंने ली एकता की शपथ
योग सत्र में पुलिस लाइन ग्राउंड योग की पाठशाला के सदस्य राजकुमार राठौर, वीरेन्द्र सिंह, भारत सिंह चौहान, सुभाष शर्मा, बाबूलाल मेवाड़ा, हनुमत मेवाड़ा, राजेश खंडेलवाल, चरण सिंह राजपूत, मांगीलाल मालवीय, राजेश गुप्ता, विशाल राठौर और फूल सिंह गौर सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी साधकों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Exit mobile version