Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

नदी किनारे सोया युवक सवेरा नहीं देख सका, सुबह मिली लाश

सीहोर। जावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बस स्टैंड के समीप बहने वाली नेवज नदी के किनारे से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नदी किनारे एक युवक की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक रात में नदी किनारे सोया तो जरूर था, लेकिन वह जिंदगी का अगला सवेरा नहीं देख सका और सुबह उसकी लाश ही मिली। मृतक की पहचान ग्राम परोलिया निवासी रतन परिहार के रूप में हुई है, जो पेशे से कंटेनर चालक था। नदी किनारे शव को देखकर वहां से गुजर रहे स्थानीय नागरिकों के होश उड़ गए, जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना जावर पुलिस को दी।
नेवज नदी किनारे लाश मिलने की खबर मिलते ही जावर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने उपस्थित गवाहों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार किया और डायल 112 वाहन की मदद से उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया। जावर पुलिस का कहना है कि युवक के शरीर पर प्रथम दृष्टया कोई गंभीर चोट के निशान नहीं दिखे हैं, लेकिन मौत की असली और सही वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
अत्यधिक शराब पीने की चर्चा
सूत्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक रतन परिहार बुधवार की रात अपने घर नहीं गया था। बताया जा रहा है कि वह नेवज नदी के किनारे ही था, जहां उसने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया था। मदिरापान करने के बाद वह वहीं किनारे पर रखे एक तख्त पर सोने चला गया। रात के सन्नाटे में उसकी मौत हो गई और सुबह जब लोग वहां पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिला। कयास लगाए जा रहे हैं कि अत्यधिक मदिरा सेवन के कारण उसकी जान गई होगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया मामला
पुलिस ने इस मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। मृतक के परिजनों और रात में उसके साथ रहे संभावित साथियों से भी पूछताछ की जा सकती है, ताकि यह साफ हो सके कि रात में असल में क्या हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button