Newsआष्टाइछावरजावरजॉब्सनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

अग्निवीर सेना भर्ती रैली 28 जुलाई से भोपाल में, सीहोर सहित 15 जिलों के युवा दिखाएंगे दम

सीहोर। भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं के लिए एक बड़ा और सुनहरा अवसर सामने आया है। सेना भर्ती कार्यालय भोपाल द्वारा आगामी 28 जुलाई से 08 अगस्त तक भोपाल के अंतर्राष्ट्रीय स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में एक विशाल सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस भर्ती रैली में सीहोर सहित मध्य प्रदेश के 15 जिलों के सफल पुरुष अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे।
सेना भर्ती कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस रैली के माध्यम से अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन 8वीं और 10वीं पास श्रेणियों के पदों पर योग्य युवाओं का चयन किया जाएगा।
इन जिलों के युवा ले सकेंगे भाग
इस भर्ती रैली में प्रदेश के 15 जिले के युवा शामिल होंगे, जिनमें अशोकनगर, भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, दमोह, गुना, हरदा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पन्ना, पांढुर्णा, रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा शामिल हंै। इसके अतिरिक्त मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के पात्र अभ्यर्थियों के लिए धर्म गुरु एवं एजुकेशन हवलदार के पदों की भर्ती रैली भी इसी दौरान आयोजित की जाएगी।
ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित
गौरतलब है कि सेना द्वारा इसी वर्ष 01 जून से 12 जून तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा का परिणाम 12 जुलाई को जॉइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल वही अभ्यर्थी इस शारीरिक दक्षता परीक्षा और आगे की भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल हो पाएंगे, जिन्होंने इस ऑनलाइन परीक्षा को पास किया है।
ई-मेल पर मिलेंगे एडमिट कार्ड
भर्ती रैली में शामिल होने वाले पात्र और सफल अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 13 जुलाई से उनके पंजीकृत ई.मेल आईडी पर भेजे जा रहे हैं। रैली स्थल पर अभ्यर्थियों को उनके प्रवेश पत्र पर दर्ज तारीख और समय के अनुसार ही प्रवेश दिया जाएगा।
अभ्यर्थी इन बातों का विशेष ध्यान रखें
दस्तावेज: सेना भर्ती कार्यालय ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी अभ्यर्थी भर्ती अधिसूचना में बताए गए अपने सभी जरूरी मूल दस्तावेज और उनकी कॉपियां साथ लेकर आएं।
स्मार्टफोन की अनिवार्यता: सभी उम्मीदवारों को अपने साथ एक ऐसा चालू स्मार्ट मोबाइल फोन लाना अनिवार्य होगा, जिसमें इंटरनेट कनेक्शन हो और वह मोबाइल नंबर उनके आधार कार्ड से लिंक हो। इसके बिना प्रक्रिया में दिक्कत आ सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button