अग्रवाल महिला मंडल ने धूमधाम से शुरू किया 16 दिवसीय गणगौर उत्सव

सीहोर। अग्रवाल महिला मंडल के तत्वाधान में पारंपरिक गणगौर उत्सव का उल्लासपूर्वक शुभारंभ हुआ। शीतला सप्तमी पर विधिविधान से ज्वारे बोने के साथ इस 16 दिवसीय उत्सव की शुरुआत की गई, जिसका समापन गणगौर तीज पर होगा।
मंडल की महिलाओं द्वारा प्रतिदिन ढोल-बाजे के साथ गणगौर माता की सवारी निकाली जा रही है। परंपरा के अनुसार माता की पूजा-अर्चना कर उन्हें ज्वारे अर्पित किए जा रहे हैं। उत्सव के दौरान महिलाएं पारंपरिक लोक गीत गाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रही हैं।
सर्व समाज की सहभागिता
यह उत्सव केवल एक समाज तक सीमित नहीं है। गणगौर को प्रतिदिन बगीचों में ले जाया जाता है, जहां अग्रवाल समाज के साथ-साथ माहेश्वरी, सोनी, ब्राह्मण और सर्व समाज की महिलाएं उत्साहपूर्वक सम्मिलित हो रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को मालती अग्रवाल की ओर से गुप्तेश्वर मंदिर पर गणगौर उत्सव का आयोजन किया गया, वहीं दूसरे दिन यह उत्सव मानक बाग में मनाया जाएगा। सचिव मोहिनी अग्रवाल ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले इस मुख्य आयोजन को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह है। इस अवसर पर अध्यक्ष रुकमणी रोहिला, प्रेमलता रूठिया, संध्या मोदी, ज्योति मोदी, हेमा अग्रवाल, तारा अग्रवाल, मीना अग्रवाल, मंजू भारतीय और उषा अग्रवाल सहित अनेक महिलाओं ने सभी से उत्सव में शामिल होने की अपील की है।



