
सीहोर। थाना अहमदपुर पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 16 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी बरामद किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक 21 अक्टूबर को नया बाजार मोहल्ला अहमदपुर निवासी फरियादी ललता प्रसाद दांगी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 20 अक्टूबर की रात 10 बजे से 21 अक्टूबर की रात 12.30 बजे के बीच कोई अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसा और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया। इस रिपोर्ट पर अहमदपुर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया था।
पुलिस ने कैसे पकड़ा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चोबे और एसडीओपी पीएन गोयल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक बीएल त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम ओमप्रकाश उर्फ शिब्बू पिता जगदीश शर्मा उम्र 23 वर्ष है, जो मेन मार्केट, अहमदपुर का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से करीब 16 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी का मशरूका बरामद किया है।