सावन की विदाई में झमाझम बरस रहे बदरा, नदियां-नाले उफान पर

जिले में फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले 72 घंटे तक तेज बारिश के आसार

सीहोर। सावन मास के अंतिम दिनों जिले में मानसून एक बार फिर पूरी रंगत में लौट आया है। पिछले 24 घंटों में बादलों ने जमकर मेहरबानी दिखाई और जिले में औसतन आधा इंच 0.52 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। सीहोर और आष्टा समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए। बारिश के बाद मौसम में घुली ठंडक ने लोगों को पिछले कुछ दिनों से सता रही उमस से बड़ी राहत दिलाई है।
भू-अभिलेख विभाग के 25 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश सीहोर तहसील में दर्ज की गई। इस दौरान सीहोर 1.26 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि आष्टा में 1.14 इंच, भैरूंदा में 0.94 इंच, रेहटी में 0.32 इंच, श्यामपुर में 0.30 इंच और बुधनी में 0.20 इंच बारिश दर्ज की गई।
अब तक 28.22 इंच बारिश दर्ज
1 जून से 25 अगस्त तक जिले में कुल औसतन 28.22 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि जिले की सामान्य औसत बारिश 45.21 इंच मानी जाती है। इसमें सीहोर तहसील 34.25 इंच बारिश के साथ सबसे आगे बनी हुई है। हालांकि पिछले साल इसी अवधि के दौरान जिले में 31.89 इंच बारिश हुई थी, लेकिन इस बार सीहोर और आष्टा में बीते वर्ष से बेहतर स्थिति है।
72 घंटे जारी रहेगा दौर
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश पर बने कम दबाव के क्षेत्र के साथ साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसूनी ट्रफ लाइन पूरी तरह से सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के चलते सीहोर समेत आसपास के इलाकों में अगले 48 से 72 घंटों तक मध्यम से तेज बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रह सकता है।

Exit mobile version