असम के सीएम ने डकैत से कर दी राहुल गांधी की तुलना

कहा, गांधी सरनेम छोड़ दीजिए, टाइटल लगाने से डकैत साधु नहीं बनता

दिसपुर। राहुल गांधी के सरनेम को लेकर एक बार फिर तूफान उठान है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सीधे सीधे कांग्रेस के गांधी परिवार पर सरनेम हड़पने का आरोप लगा दिया। इतना ही नहीं उन्होंने राहुल गांधी की तुलना डकैत से कर दी।

ये है मामला
जानकारी के अनुसार 10 सितंबर को गुवाहाटी स्थित भाजपा मुख्यालय में भाजपा महिला मोर्चा कार्यक्रम के दौरान बिस्वा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से सरनेम छोड़ने को कहा। उन्होंने कहा​ कि सारे गांधी कैसे बन गए। मैंने बहुत दिन रिसर्च किया। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी किस फॉर्मूले से गांधी हैं। कांग्रेस कहती है कि भाजपा INDIA नाम से डर गई है। हिमंता ने कहा- जब वोट लेने का टाइम होता है, तब कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा करती है। चुनाव खत्म हो गया तो उन्होंने अपना नाम INDIA कर लिया। आप लोग इंडिया कैसे हैं। कल कोई डकैत अपना नाम गांधी रख लेगा तो क्या वह साधु बन जाएगा।

कांग्रेस ने दिया ये जवाब
हिमंत के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- जिस तरह आपका नाम आपके पिता कैलाश नाथ सरमा से ही पड़ा, वैसे ही राजीव गांधी का अपने पिता फिरोज गांधी से पड़ा।

आप डुप्लीकेट गांधी हैं
बिस्वा ने कहा- गांधी जी ने देश को आजाद कराया और आप लोगों ने गांधी टाइटल हड़प लिया। भारत का पहला स्कैम टाइटल से शुरू हुआ। आप लोग डुप्लीकेट गांधी हैं। टाइटल की तरह कांग्रेस ने हमारे देश का नाम हड़पकर INDIA बन गया।