जरुरी खबर: प्रधान डाकघर सीहोर में 26 से 31 अक्टूबर नि:शुल्क बनेंगे नए आधार कार्ड

सीहोर। सीहोर शहर के निवासियों और आसपास के ग्रामीणों के लिए एक राहत भरी खबर है। यदि आपका आधार कार्ड अब तक नहीं बना है, या उसमें नाम, पता, फोटो जैसी कोई जानकारी सुधारनी है तो आपके लिए यह बेहतरीन मौका है। शहर के प्रधान डाकघर में 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक एक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जहां आधार से जुड़े सभी काम एक ही छत के नीचे निपटाए जाएंगे।
डाक विभाग द्वारा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस शिविर का समय सुबह 8.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक तय किया गया है। समय सीमा अधिक होने से नौकरीपेशा, मजदूर और छात्र-छात्राएं अपनी सुविधानुसार डाकघर पहुंचकर सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस विशेष शिविर में बच्चों, महिलाओं और पुरुष सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए नए आधार कार्ड बनाने और पुराने कार्ड को अपडेट करने का काम किया जाएगा।
नए आधार कार्ड पूरी तरह नि:शुल्क, जानें क्या-क्या होंगी सुविधाएं
नए आधार कार्ड: डाकघर में नए आधार कार्ड पूरी तरह नि:शुल्क बनाए जाएंगे।
पहला अपडेशन मुफ्त: यदि आप पहली बार अपने आधार में कोई सुधार करा रहे हैं तो पहला अपडेशन भी पूरी तरह नि:शुल्क किया जाएगा।
डेमोग्राफिक अपडेशन: नाम, जन्मतिथि, पता और मोबाइल नंबर में संशोधन।
बायोमैट्रिक अपडेशन: फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतली और फोटो में बदलाव या अपग्रेडेशन।
डाक विभाग की नागरिकों से अपील
डाकघर अधिकारियों ने सीहोर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर डाकघर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। विशेषकर ऐसे लोग जिनके बच्चों के आधार कार्ड अभी तक नहीं बने हैं या जिनके आधार में पुरानी जानकारी दर्ज है, वे इस शिविर में आकर अपना सुधार कार्य प्राथमिकता से पूरा करवा लें, ताकि सरकारी योजनाओं और बैंकिंग कार्यों में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Exit mobile version