Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

मधुमक्खियों का हमला, एक की मौत, कई घायल, नपा एवं स्थानीय प्रशासन बेखबर

आष्टा। शहर के अलीपुर स्थित जनपद चौराहे पर सुबह 10 बजे से एक बार फिर से मधुमक्खियों ने आने-जाने वाले लोगों को काटना शुरू किया। यह रास्ता पुराना भोपाल-इंदौर मार्ग से मिरपुरा और जनपद तरफ जाता है। इन दोनों ही मार्गों से आने-जाने वाले लोगों को मधुमक्खियां काट रही हैं। यहां कई लोग घायल होकर अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं तो वही एक बुजुर्ग की मधुमक्खी काटने से मौत भी हो गई है, लेकिन अभी तक प्रशासन और नगरपालिका के जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। शायद नगर पालिका और प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है।
दरअसल शहर के वार्ड क्रमांक 3 में अलीपुर जनपद चौराहा मीरपुरा आने-जाने वाले रास्ते पर माता मंदिर के पीछे पेड़ पर मधुमक्खियां यहां से निकलने वाले लोगों को जख्मी कर रही है। यह सिलसिला तीन-चार दिनों से जारी है। पहले दिन शहर के कवि शैलेश शर्मा व एक लड़की सहित दो तीन लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया था। इनका शहर के सिविल अस्पताल व सेमनरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मधुमक्खियों का आने-जाने वालों पर हमला जारी है। गत दिवस दोपहर में एक बुजुर्ग रहीम खां निकल रहे थे। अचानक संभल पाते उससे पहले ही मधुमक्खियों ने घेर लिया। ज्यादा मधुमक्खियों के काटने से उनकी मौत हो गई।
बाइक फेंककर बचाई जान-
शहर के मिरपुरा में रहने वाले कवि शैलेश शर्मा ने बताया कि 2 दिन पहले वे वहां से बाजार के लिए निकल रहे थे, लेकिन अलीपुर जनपद चौराहे पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे उन्हें अपनी बाइक फेंककर जान बचानी पड़ी और फिर सिविल अस्पताल में अपना उपचार कराया। वहां ठीक से उपचार नहीं होने कारण सेमनरी रोड स्थित एक निजी चिकित्सालय में उपचार करा रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन के जिम्मेदारों को इस और ध्यान देना चाहिए। लोग अलीपुर क्षेत्र में काफी परेशान हैं।
आने-जाने वाले दुविधा में-
दरअसल अलीपुर जनपद चौराहा अति व्यस्तम चौराहों में से है। जनपद कार्यालय यहीं पर स्थित है तो वही चार्टर्ड बस का ऑफिस भी पास में ही है। साथ ही भोपाल-इंदौर मार्ग भी यहीं से निकलता है। बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। आश्चर्य की बात ये है कि 4 दिनों के बाद भी नगर पालिका और जिला प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, जबकि स्थानीय नागरिकों ने जिम्मेदारों को कई बार अवगत करा दिया।
पार्षद ने नपा के जिम्मेदारों को कराया अवगत-
शहर के वार्ड 3 के पार्षद राजकुमार मालवीय ने बताया कि मैंने मधुमक्खियों के लोगों काटने की जानकारी नगरपालिका के सीएमओ नंदकिशोर परशानियां को कर दी है। प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है। यहां आने-जाने वाले कई लोगों को मधुमक्खियां काट रही हैं। वहीं मधुमक्खी काटने से एक की मौत भी हो गई थी। कई जख्मी अस्पतालों में उपचार भी करा रहे हैं, इसलिए नगर पालिका एवं प्रशासन को इस और ध्यान देना चाहिए। इस संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी नंदकिशोर परसानिया से चर्चा की तो उन्होंने कहा कि मैं अभी सीहोर में मीटिंग में हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button