Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

बुधनी में भाजयुमो की चेन टूटी, इस बार आष्टा के खाते में गया अध्यक्ष पद

सीहोर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला संगठन में इस बार बड़ा सांगठनिक बदलाव देखने को मिला है। सालों से चला आ रहा परंपरागत ट्रेंड टूट गया है और पहली बार भाजयुमो जिलाध्यक्ष का पद आष्टा विधानसभा के खाते में गया है। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर द्वारा जारी की गई सूची में आष्टा क्षेत्र के महेंद्र सिंह ठाकुर बापचा को सीहोर जिले का नया युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं सीहोर विधानसभा के हर्षित मेवाड़ा को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि भाजयुमो के इतिहास में अब तक जिलाध्यक्ष का पद मुख्य रूप से सीहोर और बुधनी विधानसभा क्षेत्र के बीच ही घूमता रहता था। एक बार यह पद बुधनी के खाते में जाता था तो अगली बार सीहोर के खाते में। कुछ सालां की बात करें तो बुधनी से पूर्व अध्यक्ष रवि मालवीय और राजेश राजपूत। जबकि सीहोर से पूर्व अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर और निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र पाटीदार। इस बार संगठन ने इस पुरानी रवायत को दरकिनार करते हुए पहली बार आष्टा के किसी युवा नेता को जिले की बागडोर सौंपी है।
भाजपा में तीन बार मिल चुका मौका
भाजपा के मुख्य संगठन की बात करें तो आष्टा से अब तक तीन नेता जिलाध्यक्ष रह चुके हैं अनोखीलाल खंडेलवाल, राकेश सुराणा और ललित नागौरी। लेकिन युवा मोर्चा के गठन के बाद से आज तक आष्टा का कोई भी कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष की कुर्सी तक नहीं पहुंच पाया था। महेंद्र ठाकुर की नियुक्ति के साथ ही आष्टा ने यह नया इतिहास रच दिया है।
इछावर को इस बार भी हाथ लगी निराशा
एक तरफ जहां आष्टा में पहली बार जिलाध्यक्ष पद मिलने से जश्न का माहौल है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के गृह क्षेत्र इछावर विधानसभा को इस बार भी निराशा ही हाथ लगी है। इछावर का दुर्भाग्य रहा है कि आज तक यहां का कोई भी कार्यकर्ता न तो भाजपा का जिलाध्यक्ष बन पाया है और न ही भाजयुमो का जिलाध्यक्ष पद इछावर के खाते में आ सका है।
आतिशबाजी कर बांटी मिठाई
महेंद्र ठाकुर के जिलाध्यक्ष और हर्षित मेवाड़ा के जिला महामंत्री बनने की घोषणा होते ही आष्टा और सीहोर के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई। घोषणा के तुरंत बाद कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोडक़र आतिशबाजी की और नए पदाधिकारियों को बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button