
सीहोर। जिला मुख्यालय के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए एक राहत भरी खबर है। कॉलेज में एडमिशन लेने वाले विद्यार्थी अब अपनी शिक्षण फीस दो आसान किस्तों में जमा कर सकेंगे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा ने इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर एक साथ आर्थिक बोझ न पड़े।
दरअसल, कॉलेज में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू होते ही विद्यार्थियों के सामने एक बड़ी समस्या आ रही थी। प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा ने बताया कि विभिन्न एमपी ऑनलाइन काउंटर्स पर विद्यार्थियों से ऑनलाइन माध्यम से एक साथ पूरी फीस जमा करने के लिए कहा जा रहा था। सॉफ्टवेयर या जानकारी के अभाव में एकमुश्त पुीस मांगे जाने के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थी काफी असमंजस और चिंता में पड़ रहे थे। कई छात्रों को इतनी बड़ी रकम एक साथ जुटाने में परेशानी हो रही थी।
आर्थिक बोझ कम करना मुख्य उद्देश्य
विद्यार्थियों की इस व्यावहारिक समस्या और असमंजस को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत कदम उठाया। प्राचार्य ने साफ किया है कि किसी भी छात्र को घबराने की जरूरत नहीं है। कॉलेज प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पैसे की तंगी के कारण किसी भी होनहार छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो। दो किस्तों में फीस जमा करने की सुविधा मिलने से अब छात्र आसानी से अपना एडमिशन पक्का करा सकेंगे।
विद्यार्थी रखें इन बातों का ध्यान
दो किस्तों की सुविधा: अब छात्र ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध विकल्प के जरिए अपनी कुल फीस को दो भागों में दे सकते हैं।
काउंटर पर करें बात: यदि कोई एमपी ऑनलाइन संचालक पूरी फीस एक साथ मांगता है तो विद्यार्थी उन्हें कॉलेज के इस नए निर्देश के बारे में जानकारी दे सकते हैं।