कारनामा: 12 साल पहले मरे व्यक्ति के नाम पर दे दिया कनेक्शन, अब बेटे से मांग रहे 1.70 लाख का बिल

सीहोर। जिले में बिजली वितरण कंपनी की एक बड़ी लापरवाही और अजीबो-गरीब कारनामा सामने आया है। विभाग ने एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर बिजली का नया कनेक्शन जारी कर दिया, जिनकी मौत 12 साल पहले ही हो चुकी थी। हद तो तब हो गई जब अब विभाग मृतक के बेटे पर 1 लाख 70 हजार रुपये से अधिक का बकाया बिल जमा करने का दबाव बना रहा है। बिजली कंपनी के चक्कर काट-काटकर परेशान हो चुके बेटे ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायती आवेदन देकर न्याय की मांग की है।
पूरा मामला ग्राम बरखेड़ा देवा का है। यहां के निवासी लक्ष्मी नारायण का निधन वर्ष 1993 में ही हो गया था। इसके बावजूद बिजली कंपनी ने वर्ष 2005 में (यानी मौत के 12 साल बाद) उनके नाम पर नया बिजली कनेक्शन मंजूर कर जारी भी कर दिया। पीडि़त परिवार का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे मृतक के नाम पर यह कनेक्शन लिया और सालों तक धड़ल्ले से बिजली का उपयोग करता रहा।
शिकायत के बाद भी नहीं जागा विभाग, बढ़ता गया बिल
मृतक के बेटे दीपक दांगी को जब अपने स्वर्गीय पिता के नाम से भारी-भरकम बिजली बिल मिलने लगे तो उनके होश उड़ गए। दीपक ने तुरंत पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र लेकर बिजली विभाग के चक्कर काटे और अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर बताया कि उनके पिता की मौत तो 1993 में ही हो चुकी है, इसलिए यह कनेक्शन पूरी तरह फर्जी है और इसे तुरंत बंद किया जाए। आरोप है कि इसके बावजूद विभाग ने कोई सुध नहीं ली और बिल लगातार बढ़ता चला गया, जो अब 1.70 लाख से पार हो चुका है।
कलेक्टर ने दिए सख्त जांच के निर्देश
बिजली विभाग की इस तानाशाही और वसूली की धमकी से तंग आकर दीपक दांगी मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर को अपनी आपबीती सुनाई। एक मृत व्यक्ति के नाम पर इतने सालों तक कनेक्शन चालू रहने की बात सामने आते ही प्रशासनिक हल्के में हडक़ंप मच गया और विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने पीडि़त को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने बिजली विभाग के आला अधिकारियों को इस पूरे फर्जीवाड़े की विस्तृत जांच करने और दोषी कर्मचारियों व धोखाधड़ी करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।



