हर प्लेटफार्म पर लेट लतीफ ‘भाजपा एक्सप्रेस’ !

सीहोर। अनुशासित कही जाने वाली भारतीय जनता पार्टी का सीहोर जिले में माहौल पूरी तरह से निरस भरा हो गया है। कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर नहीं आ रहा है। भाजपा की युवा राजनीति तो पूरी तरह से ही निष्क्रिय हो गई है। इस निरसता और उत्साह में कमी की प्रमुख वजह बीजेपी में कार्यकारिणी गठन का अभाव और नए अध्यक्ष का ऐलान नहीं होना बताया जा रहा है।
बता दें करीब 8 महीने पहले जिला अध्यक्ष रवि मालवीय के स्थान पर सीहोर शहर में रहने वाले नरेश मेवाड़ा को भाजपा का कप्तान बनाया है, लेकिन वह अब तक अपनी टीम का गठन नहीं कर सके हैं। नतीजतन रवि मालवीय की टीम के खिलाड़ियों/ पदाधिकारी से ही काम चल रहा है, लेकिन टीम में वह उत्साह नहीं है, सिर्फ खानापूर्ति ही चल रही है।
सुदीप की नेतृत्व क्षमता पर सवाल – 
इधर सीहोर नगर मंडल की कमान सुदीप प्रजापति संभाल रहे हैं। सुदीप प्रजापति का यह दूसरा कार्यकाल है। उन्हें बने करीब एक साल हो गए हैं, लेकिन विडम्बना यह है कि उनकी कार्यकारिणी गठित नहीं हो सकी। जानकारी आई थी कि सुदीप प्रजापति द्वारा सूची बनाकर जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा को सौंप दी है, वहीं दूसरे मंडल के बनने की खबर भी सार्वजनिक हुई थी। बहरहाल कार्यकारिणी के गठन नहीं होने से सुदीप प्रजापति के नेतृत्व पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
9 महीने पहले खत्म हुआ भाजयुमो का कार्यकाल – 
बात भारतीय जनता पार्टी की युवा विंग यानि युवा मोर्चा की करें तो करीब साढ़े तीन साल पहले सीहोर विधानसभा क्षेत्र के युवा भूपेन्द्र पाटीदार को अध्यक्ष बनाया गया था। उनका कार्यकाल 9 महीने पहले दिसंबर महीने में खत्म हो गया है। कार्यकाल तो खत्म हो गया है, लेकिन अध्यक्ष अभी वहीं है। कार्यकाल खत्म होने की वजह से उनमें भी उत्साह खत्म हो गया है। कुल मिलाकर जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा की सक्रियता पूरी तरह से शून्य हो गई है।

Exit mobile version