पूर्व मुख्यमंत्री के रोड शो में शामिल हुए भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के नेतृत्व में बिलकिसगंज में हुआ भव्य रोड शो

सीहोर। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में प्रचार के अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं विदिशा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने बिलकिसगंज में रोड शो। इछावर विधानसभा से विधायक एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के नेतृत्व में हुए इस भव्य रोड शो में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने भी बिलकिसगंज पहुंचकर सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं करण सिंह वर्मा का फूल बरसाकर स्वागत किया। रोड शो के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरोरा रथ के आगे-आगे चल रहे थे। रास्तेभर उन्होंने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरोरा ने कहा कि आज पूरा देश और प्रदेश मोदीमय, भाजपामय हो रहा है। भाजपा की रीति, नीति को लेकर लगातार कांग्रेस पार्टी के विधायक एवं नेता भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। इस बार भाजपा की प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनेगी। श्री अरोरा ने कहा कि सीहोर जिले के तहत आने वाली तीनों लोकसभा सीटों पर भाजपा ऐतिहासिक वोटों से जीत हासिल करेगी। इछावर में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता जुटा हुआ है। बुधनी और आष्टा विधानसभा सहित सीहोर विधानसभा में भी भाजपा की प्रचंड मतों से जीत होगी। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव सिर्फ भाजपा और कांग्रेस के बीच का चुनाव नहीं है, बल्कि इस बार का चुनाव देश की सुरक्षा, श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा, देश के मान-सम्मान और सनातन धर्म की विश्व में जय-जयकार का चुनाव है। यह चुनाव भारत को विश्वगुरू बनाने का चुनाव है, इसलिए सभी मतदाता ज्यादा से ज्यादा संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए भारतीय जनता पार्टी को अपना बहुमूल्य वोट दें।