4 बार पलटी खाकर खेत में गिरी कार, 20 फीट हवा में उछला ड्राइवर, युवती की मौत

खंडवा से नरसिंहपुर जा रही तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित, हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल

सीहोर। जिले के भैरूंदा क्षेत्र में सोमवार को हुए ऐसा खौफनाक सडक़ हादसा हुआ, जिसका वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है भादाकुई के पास एक तेज रफ्तार टवेरा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और महज 3 सेकंड के भीतर 4 बार पलटी खाते हुए सडक़ किनारे खेत में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार की खिडक़ी खुलने से उसका ड्राइवर हवा में करीब 20 फीट ऊपर तक उछला और फिर सीधे जमीन पर आ गिरा। इस दर्दनाक एक्सीडेंट में कार सवार एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार टवेरा कार में सवार सभी लोग खंडवा जिले के निवासी थे। वे किसी निजी काम के सिलसिले में खंडवा से नरसिंहपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार भैरूंदा के भादाकुई क्षेत्र के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार होने के कारण ड्राइवर कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ते ही कार सडक़ पर ही खिलौने की तरह पलटते हुए सीधे नीचे खेत में जा घुसी।
राहगीरों ने बचाई जान
हादसा होते ही मौके पर सडक़ से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत दौडक़र दुर्घटनाग्रस्त कार के पास पहुंचे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार के कांच तोडक़र और दरवाजे खोलकर अंदर फसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही भैरूंदा पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। सभी छह घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। वहीं मृत युवती के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण
भैरूंदा एसडीओपी रोशन जैन के अनुसार बात सामने आई है कि टवेरा कार किसी अन्य वाहन या गाड़ी से नहीं टकराई है। हादसा पूरी तरह से तेज रफ्तार के कारण हुआ है। गाड़ी की स्पीड इतनी अधिक थी कि टर्निंग या किसी वजह से अचानक ड्राइवर उसे संभाल नहीं पाया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और एक्सीडेंट के कारणों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version