Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

मगरमच्छ को पीट-पीटकर मारने का मामला, सर्चिंग हुई, नहीं लगा कोई सुराख

चकल्दी क्षेत्र का मामला, मप्र राज्य वन विकास निगम के साथ वन विभाग के अमले ने की सर्चिंग

सीहोर। जिले की रेहटी तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम चकल्दी में एक मगरमच्छ को ग्रामीणों द्वारा पीट-पीटकर मार डालने का मामला सामने आया है। खेत में मगरमच्छ घुसने की खबर से फैली दहशत के बाद ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से मप्र राज्य वन विकास निगम, वन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। घटना के बाद शुक्रवार को तीन घंटे चले सर्चिंग ऑपरेशन में कुछ हाथ न लगने के बाद शनिवार को भी मप्र राज्य वन विकास निगम एवं वन विभाग की टीम डॉग स्क्वायड के साथ एक बार फिर गांव और खेतों में पहुंची और सर्चिंग अभियान चलाया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक सर्चिंग टीम के हाथ कुछ नहीं लगा। चकल्दी वन क्षेत्र मप्र राज्य वन विकास निगम के पास है। निगम की टीम के साथ रेहटी वन परिक्षेत्र की टीम ने भी सर्चिंग में सहयोग किया। फिलहाल टीम के हाथों कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगे।
जनहानि के डर से किया हमला –
जानकारी के अनुसार ग्राम चकल्दी के पास खेतों में अचानक एक मगरमच्छ रेंगता हुआ दिखाई दिया। अमूमन नदी और तालाबों में दिखने वाले मगरमच्छ को अचानक सूखी जमीन और खेतों के बीच देखकर वहां काम कर रहे किसानों और मजदूरों के होश उड़ गए। इलाके में तुरंत दहशत फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में कटाई और सिंचाई के काम के लिए अक्सर मजदूर परिवारों की महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों को भी साथ लेकर जाती हैं। ऐसे में किसी मासूम बच्चे या किसान पर मगरमच्छ के हमले और बड़ी जनहानि की आशंका को भांपते हुए ग्रामीणों ने बिना देर किए लाठियों और धारदार हथियारों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे मार डाला।
चला सघन सर्चिंग अभियान-
घटना की भनक लगते ही मप्र राज्य वन विकास निगम एवं वन विभाग की टीम के साथ ही पुलिस भी सक्रिय हुई। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और करीब तीन घंटे तक खेतों और आसपास के इलाकों में सर्चिंग अभियान चलाया। हालांकि 10 सदस्यीय इस रेस्क्यू और सर्चिंग टीम को पहले दिन मौके पर मगरमच्छ का शव या कोई ठोस अवशेष हाथ नहीं लगा। आशंका जताई जा रही है कि कानूनी कार्रवाई के डर से ग्रामीणों ने शव को कहीं छिपा दिया है। इसी के चलते विभाग ने शुक्रवार को पूरे गांव में मुनादी कराकर सख्त हिदायत दी है। शनिवार को वन विकास निगम एवं वन विभाग की टीम ने दोबारा चकल्दी गांव के खेतों और संभावित ठिकानों पर सर्चिंग की।
ये बोले अधिकारी-
रेहटी वन परिक्षेत्र अधिकारी आश्रय उपाध्याय ने बताया कि चकल्दी क्षेत्र मप्र राज्य वन विकास निगम के अंतर्गत आता है। निगम का कार्यक्षेत्र होने के कारण  निगम की टीम ने ही वहां पर सर्चिंग अभियान चलाया। हालांकि निगम के पास अमला कम होने के कारण वन विभाग की टीम ने भी सर्चिंग अभियान में सहयोग किया है। मप्र राज्य वन विकास निगम रेहटी के वन परिक्षेत्र अधिकारी बीएल अहिरवार ने बताया कि दो दिनों से टीम लगातार सर्चिंग अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगे हैं। हमारी टीम लगातार मगरमच्छ को सर्च करने में जुटी हुई है और उम्मीद है कि जल्द ही उसे खोज लिया जाएगा। वन्यजीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button