Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

जनगणना 2027: सीहोर में मकानों की लिस्टिंग शुरू, संयुक्त निदेशक बोले- सर्वे में न छूटे एक भी मकान

सीहोर। जिले में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। बुधवार को गृह विभाग के जनगणना कार्य निदेशालय के संयुक्त निदेशक राम अवतार पटेल ने सीहोर पहुंचकर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मकानों के सूचीकरण के दौरान एक भी मकान सर्वे से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने डेटा की शुद्धता और पारदर्शिता को इस कार्य की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया।
बैठक के दौरान संयुक्त निदेशक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिले के सभी चार्ज क्षेत्रों की रिपोर्ट देखी। उन्होंने प्रगणकों की कार्यप्रणाली और फील्ड पर आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। श्री पटेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐप में डेटा की एंट्री समय पर और बिना किसी गलती के अपडेट की जाए, ताकि प्रगति का सही आकलन हो सके। उन्होंने कहा कि डेटा संकलन में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
गर्मी से बचाव के लिए विशेष हिदायत
प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए संयुक्त निदेशक ने फील्ड में काम कर रहे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड स्टाफ के लिए पर्याप्त पेयजल, काम के बीच आवश्यक विश्राम और छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि तपती धूप में कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर कोई बुरा असर न पड़े।
जनता से रखें शालीन व्यवहार
संयुक्त निदेशक ने कहा कि जनगणना का कार्य तभी सफल होगा जब नागरिक सही जानकारी देंगे। इसके लिए उन्होंने प्रगणकों को आमजन के साथ सौम्य और सहयोगात्मक व्यवहार रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों का विश्वास जीतकर ही सटीक आंकड़े जुटाए जा सकते हैं, जो भविष्य की योजनाओं के निर्माण में आधार बनेंगे।
थूना कला में किया जमीनी निरीक्षण
कलेक्ट्रेट में बैठक के बाद श्री पटेल ने ग्राम थूना कला का दौरा किया। यहां उन्होंने घर-घर जाकर सर्वे कर रहे प्रगणकों के काम का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगणकों से चर्चा की और रजिस्टर में दर्ज की जा रही जानकारी की शुद्धता को परखा। उन्होंने चेताया कि यह एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य हैए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक और निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना प्रभारी जमील खान सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button