Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

सीहोर में कल गूंजेंगे जय माता दी के जयकारे, 151 मीटर लंबी चुनरी के साथ निकलेगी भव्य यात्रा, आसमान से होगी फूलों की बारिश

सीहोर। शारदीय नवरात्रि के पावन और उत्सवी माहौल के बीच कल गुरुवार सीहोर शहर में आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। मां जगदंबा के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक भव्य चुनरी यात्रा आज शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। इस अलौकिक आयोजन को लेकर शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सुबह ठीक 10.30 बजे शहर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ करौली वाली माता मंदिर से विधि-विधान, मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ इस भव्य चुनरी यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा में हजारों की संख्या में मातृशक्तियां, युवा और धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल होकर मां के जयकारे लगाएंगे और शहर का कोना-कोना भक्तिमय हो उठेगा।
हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा
इस ऐतिहासिक यात्रा का सबसे बड़ा और खास आकर्षण मां करौली वाली को अर्पित की जाने वाली 151 मीटर लंबी भव्य चुनरी होगी, जिसे हजारों भक्त अपने हाथों में थामकर चलेंगे। इसके साथ ही यात्रा के दौरान आसमान से हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्पवर्षा की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष एवं हिंद रक्षक युवा समिति के संरक्षक प्रिंस राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रसिद्ध शक्तिपीठ करौली वाली माता मंदिर हमेशा से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। नवरात्रि के इन दिनों में यहां प्रतिदिन हजारों भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि यह चुनरी यात्रा पिछले 14 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है, जो हमारी धार्मिक संस्कृति और सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल बन चुकी है।
उज्जैन के कलाकार बांधेंगे समां
चुनरी यात्रा में महिलाओं, युवतियों और दुर्गावाहिनी की बालिकाओं की भारी उपस्थिति रहेगी। यात्रा को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए इसमें कई मनमोहक झांकियां शामिल की गई हैं। इसके अलावा उज्जैन से विशेष रूप से पधार रहे कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, वहीं पारंपरिक अखाड़ों के कलाकार अपने हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, युवाओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे आज सुबह 10.30 बजे करौली वाली माता मंदिर पहुंचकर इस ऐतिहासिक चुनरी यात्रा में सहभागी बनें और मां जगदंबा का आशीर्वाद प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button