Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

महुआखेड़ी में गूंजे भगवान राम के जन्म के जयकारे, राधेश्याम विहार कॉलोनी में कलश यात्रा के साथ अनुष्ठान शुरू

सीहोर। जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों धार्मिक आयोजनों की बहार है। कहीं नवनिर्मित मंदिरों में प्राण-प्रतिष्ठा का उल्लास है तो कहीं महायज्ञ की पूर्णाहुति की ओर बढ़ते कदम। ग्राम महुआखेड़ी में जहां श्रीराम जन्म के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया, वहीं शहर की राधेश्याम विहार कॉलोनी में शिव परिवार की स्थापना का संकल्प कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ।
बता दें ग्राम महुआखेड़ी में समस्त ग्रामीणों के सहयोग से सात दिवसीय विशाल एकादश कुण्डीय श्री रुद्र महायज्ञ एवं शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। यज्ञ संचालक 108 पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे के सानिध्य में यज्ञशाला में 51 जोड़े वेद मंत्रों के साथ आहुतियां दे रहे हैं।
रात्रि के समय आयोजित की जा रही रामलीला में बीते दिन भगवान राम के जन्म का मनमोहक मंचन किया गया। कलाकारों ने राजा दशरथ द्वारा पुत्रकामेष्टि यज्ञ और अयोध्या में चारों भाइयों राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के जन्म के दृश्य को इतनी जीवंतता से प्रस्तुत किया कि पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। पंडित कटारे ने बताया कि महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में आगामी 7 मई को भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। प्रतिदिन विशाल भंडारे में ग्रामीण प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं।

कलश यात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा का आगाज
शहर के मुगीसपुर स्थित श्री राधेश्याम विहार कॉलोनी में सोमवार को भक्ति और उत्साह का संगम देखने को मिला। यहां नवनिर्मित मंदिर में श्री शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। यज्ञाचार्य पंडित सतीश तिवारी के मार्गदर्शन में विप्रजनों ने यजमानों से प्रायश्चित हेमाद्री स्नान, पंचांग पूजन कराकर मंडप प्रवेश की रस्म पूरी की। संस्कार मंच के संयोजक जितेन्द्र तिवारी ने बताया कि कॉलोनी में भव्य मंदिर का निर्माण पूर्ण हो चुका है। आयोजन के दूसरे दिन मंगलवार को देवता आह्वान, अग्नि स्थापना, हवन का प्रारंभ और भगवान का जलाधिवास संपन्न होगा। कलश यात्रा के दौरान कथा वाचक पंडित मोहितराम पाठक सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button