
सीहोर। शहर की सडक़ों पर कानफोड़ू आवाज और पटाखे फोड़ते हुए फर्राटा भरने वाले बुलेट चालकों पर कोतवाली पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश दुबे के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने पिछले तीन दिनों में 10 मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त बुलेट मोटरसाइकिलों को पकडक़र 50 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहरवासियों को शोर शराबे से बड़ी राहत मिली है।
कोतवाली पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर चेकिंग लगाकर नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पकड़ी गई बुलेट मोटरसाइकिलों से तुरंत ही मॉडिफाइड और अवैध साइलेंसरों को हटवाया गया। इसके साथ ही प्रत्येक वाहन पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 50000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
आमजनों की सुरक्षा-शांति प्राथमिकता
थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश दुबे ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि साइलेंसर मॉडिफाई कराकर तेज व पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले चालकों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी तेज आवाजों से बुजुर्गों, मरीजों, छोटे बच्चों और विद्यार्थियों को काफी मानसिक व शारीरिक असुविधा होती है। शहर की शांति और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
हादसों का सबब बनती हैं पटाखा बुलेट
अचानक निकलने वाली पटाखे जैसी तेज आवाज से सडक़ पर चल रहे अन्य वाहन चालक हड़बड़ा जाते हैं, जिससे अचानक संतुलन बिगडऩे और गंभीर सडक़ दुर्घटनाएं होने का अंदेशा बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित व सख्त कार्रवाई का स्वागत किया है।
कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं। थाना प्रभारी दुबे ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।