शरद पूर्णिमा पर कांग्रेसजनों ने टाउन हॉल में किए पौधे रोपण, पर्यावरण बचाने का दिया संदेश

सीहोर। शरद पूर्णिमा के अवसर पर शहर के कांग्रेसजनों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। रविवार को कांग्रेसजनों ने बस स्टैंड स्थित टाउन हॉल पहुंचकर सामूहिक रूप से पौधरोपण किया और पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया। इस अभियान के तहत टाउन हॉल परिसर में आम और आंवला के कुल 5 पौधे रोपे गए।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने बताया कि आज के आधुनिक दौर में पर्यावरण पर मंडरा रहे खतरों को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर अंधाधुंध पेड़ काटे जा रहे हैं, जिसके कारण पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। आज ग्लोबल वार्मिंग और ओजोन परत में हो रहे नुकसान की वजह से पूरी मानव जाति के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें सबसे पहले पेड़ों की कटाई पर रोक लगानी होगी।
हर नागरिक ले कम से कम 10 पौधे लगाने का संकल्प
पंकज शर्मा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम 10 फलदार और छायादार पौधे जरूर लगाने चाहिए और उनकी देखभाल करनी चाहिए। इससे हमारा पर्यावरण स्वच्छ रहेगा और आने वाली पीढिय़ों के अस्तित्व पर मंडरा रहा गंभीर संकट भी टल सकेगा। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि हमें अपने जीवन में आने वाले हर छोटे-बड़े खुशी के मौके जैसे जन्मदिन, सालगिरह आदि पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए ताकि हमारी खुशी के साथ-साथ पर्यावरण भी खुशहाल बन सके।
पर्यावरण सुरक्षा हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी
पंकज शर्मा ने कहा कि पर्यावरण को बचाना केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। हम सभी को मिलकर पर्यावरण की सुरक्षा की शपथ लेनी चाहिए, ताकि हमारी आने वाली पीढिय़ों को एक बेहतर भविष्य और साफ सुथरा वातावरण मिल सके, जिसमें वे खुलकर सांस ले सकें।

Exit mobile version