
सीहोर। गल्ला मंडी माता मंदिर चौराहा स्थित एनके एंटरप्राइजेज में आधी रात लगी भीषण आग ने भले ही दुकान में रखे लाखों के माल को खाक कर दिया हो, लेकिन इस भारी आर्थिक और मानसिक नुकसान के बीच शहर के जनप्रतिनिधि पूरी एकजुटता के साथ पीडि़त दोनों दुकानदार व परिवार के साथ खड़े नजर आए। देर रात राहत कार्य संभालने से लेकर शनिवार दिनभर नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों का पीडि़त दुकानदार के पास पहुंचकर ढांढस बंधाने का सिलसिला जारी रहा।
बता दें दुकान संचालक नितिन साहू और शैलेंद्र शिवहरे हादसे के वक्त बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए हुए थे। शटर बंद होने के कारण आग अंदर ही अंदर सुलगती रही और लगभग 6 से 8 लाख रुपये का नया स्टॉक, जूते-चप्पल व फर्नीचर जलकर राख हो गए।
नपा अध्यक्ष ने खुद करवाया फायर रेस्क्यू
शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 11.30 बजे जैसे ही दुकान से धुआं और भयंकर लपटें उठनी शुरू हुईं, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर पालिका का दमकल अमला मौके पर पहुंचा। हादसे की खबर मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर देर रात खुद घटनास्थल पर पहुंचे। वे दो घंटे से अधिक समय तक मौके पर मौजूद रहे और दमकलकर्मियों का मार्गदर्शन करते हुए राहत कार्य में सहयोग करते रहे। राठौर ने कहा कि शहर पर आई किसी भी आपदा में नगर पालिका का पूरा अमला नागरिकों के साथ मुस्तैद है और पीडि़त को हर संभव राहत दिलाई जाएगी। इसी दौरान सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा और मंडी पुलिस टीम ने मौके पर मुस्तैदी दिखाते हुए जुटी भीड़ को संभाला और सुरक्षा घेरा बनाया।
शनिवार सुबह पहुंचे विधायक सुदेश राय
शनिवार को विधायक सुदेश राय ने गल्ला मंडी पहुंचकर जली हुई दुकान का जायजा लिया। उन्होंने पीडि़त दुकानदार नीतिन साहू और श्लोक शिवहरे से मिलकर घटना पर गहरा दुख जताया और परिवार को ढांढस बंधाया। विधायक राय ने भरोसा दिलाया व्यापारी भाईयों पर आया यह संकट बेहद दुखद है, लेकिन हम पूरी मजबूती से पीडि़त परिवार के साथ हैं। शासन-प्रशासन के नियमानुसार त्वरित आर्थिक सहायता दिलवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। निरीक्षण के दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सीताराम यादव, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार, मनीष तिवारी, जयंत शाह, वरुण गौर, नीरज साहू और दीपक अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
दोपहर में पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती
शनिवार दोपहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती भी एनके एंटरप्राइजेज पहुंचे। उन्होंने पीडि़त दुकानदारों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया और इस मुश्किल वक्त में संबल दिया। राजीव गुजराती ने कहा यह समय पीडि़त व्यापारी का मनोबल बढ़ाने का है। हम व्यापारी भाइयों के साथ मजबूती से खड़े हैं। दुकानदारों को इस भारी नुकसान से उबारने और संबंधित विभागों से उचित मुआवजा दिलवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।