
सीहोर। बुधनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोसमी में आदिवासियों के घरों पर चले बुलडोजर की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार भैरुंदा आ रहे हैं। कोसमी की बरेला आदिवासी बस्ती में हुई कार्रवाई के बाद यह उनका क्षेत्र का पहला दौरा है, इसलिए प्रशासनिक हलकों से लेकर सियासी गलियारों तक हर किसी की नजर इस दौरे पर टिकी है।
भैरुंदा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक साथ मंच साझा करेंगे और 536.23 करोड़ रुपये की लागत से बनी सीप-अंबर सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना फेज.1 एवं फेज.2 का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही भैरूंदा विकासखंड के 41.44 करोड़ रुपये के अन्य निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
कोसमी प्रकरण के बाद क्यों खास है यह दौरा
बता दें यह पूरा घटनाक्रम अक्टूबर महीने का है, जब शारदीय नवरात्रि के पहले दिन बुधनी के ग्राम कोसमी स्थित बरेला आदिवासी बस्ती में वन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर कच्चे-पक्के मकानों पर बुलडोजर चला दिया था। इस कार्रवाई में दर्जनों परिवार बेघर हो गए थे और खेतों में खड़ी मक्का की फसल पर ट्रैक्टर चलने से ग्रामीणों की आजीविका को भी धक्का लगा था।
यह मामला इसलिए भी सुर्खियों में रहा क्योंकि कोसमी इलाका केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र विदिशा तथा उनके गढ़ बुधनी में आता है। कार्रवाई की जानकारी मिलने पर शिवराज सिंह चौहान द्वारा मकान न तोडऩे के निर्देश दिए जाने की चर्चाएं सामने आई थीं, लेकिन जमीनी स्तर पर हुई कार्रवाई ने प्रशासनिक तालमेल को लेकर कई सवाल खड़े किए थे।
पदयात्रा, सीएम हाउस में चर्चा और समझाइश
बता दें बुलडोजर कार्रवाई के दो दिन बाद नाराज आदिवासी ग्रामीणों ने कोसमी से भोपाल के लिए पदयात्रा शुरू कर दी थी। इसी दौरान भोपाल स्थित सीएम हाउस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बीच इस मुद्दे पर चर्चा होने की बातें सामने आईं। इसके बाद पदयात्रा बिलकिसगंज पहुंची, जहां कलेक्टर और बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने ग्रामीणों से संवाद किया, उन्हें समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पदयात्रा समाप्त हुई और ग्रामीणों को बसों से वापस कोसमी भेजा गया। अब कोसमी प्रकरण के बाद पहली बार भैरुंदा पहुंच रहे मुख्यमंत्री के दौरे से क्षेत्र के लोगों और प्रभावित परिवारों से जुड़े मुद्दों पर आने वाले संदेशों को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
भैरुंदा के 76 गांवों को मिलेगी सिंचाई की बड़ी सौगात
सियासी चर्चाओं के बीच आज का दौरा क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी सिंचाई सौगात भी लेकर आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 536.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सीप-अंबर सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इससे भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30 हजार 91 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी…
फेज.1: 346.12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस चरण में 16.57 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे 47 गांवों की 15 हजार 284 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इसका निर्माण रीवा की मेसर्स विजय कुमार मिश्रा कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. ने किया है।
फेज.2: 190.11 करोड़ रुपये की लागत से बने इस चरण में 24.09 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे 29 गांवों की 14 हजार 807 हेक्टेयर भूमि को पानी मिलेगा। इसका निर्माण अहमदाबाद की एलसीसी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने किया है।
दोनों चरणों का कार्य तय 36 माह की समय-सीमा में पूरा कर लिया गया है और अनुबंध के तहत संबंधित एजेंसियां अगले पांच वर्षों तक संचालन व रखरखाव करेंगी।
भूमिगत पाइपलाइन से होगी सिंचाई
परियोजना के तहत पारंपरिक खुली नहरों के स्थान पर भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन तकनीक अपनाई गई है। नर्मदा नदी से पानी लिफ्ट कर पंप हाउस और पाइपलाइन के जरिए सीधे खेतों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे पानी का रिसाव और वाष्पीकरण कम होगा। किसान स्प्रिंकलर और ड्रिप सिस्टम से कम पानी में अधिक फसल ले सकेंगे, जिससे उनकी आय बढऩे की उम्मीद है।
11.45 बजे पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11.15 बजे भोपाल से भैरूंदा के लिए रवाना होंगे। वे सुबह 11.45 बजे भैरूंदा पहुंचकर सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेंगे और इसके बाद दोपहर 1.30 बजे भैरूंदा से देवास के लिए प्रस्थान करेंगे।