Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कलेक्टर सख्त, बैठक में देरी से आए अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश

सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के. ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कड़ा रुख अपनाया। बैठक में समय पर न पहुंचने वाले और बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ उन्होंने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बैठक शुरू होने के बाद देरी से पहुंचने पर कलेक्टर ने रेशम, मत्स्य, परिवहन, खाद्य सुरक्षा और विद्युत वितरण विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अनुशासनहीनता मानते हुए इन अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं बैठक से अनुपस्थित रहने पर सीएमओ भैरूंदा और सीएमओ इछावर के विरुद्ध भी कार्रवाई करने को कहा गया है।
जन शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता
कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करना प्रशासन की सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइनए लोक सेवा गारंटी और टीएल प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि लंबित मामलों में तेजी लाएं। कलेक्टर बालागुरू ने नेशनल हाईवे और रेलवे जैसी परियोजनाओं से जुड़े लंबित मामलों को जल्द सुलझाने के निर्देश दिए। वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदलने और वन प्रबंधन से जुड़े कार्यों में गति लाने को कहा गया। जनसुनवाई, जनप्रतिनिधियों के पत्र और कोर्ट अवमानना से जुड़े प्रकरणों पर भी गहन चर्चा की गई।
श्रमिकों को मिलेगा पेंशन का लाभ
बैठक के दौरान कलेक्अर ने असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के हित में जिले भर में विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रिक्शा चालक, घरेलू कामगार और मजदूर वर्ग को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से जोड़ा जाए। 60 वर्ष की आयु के बाद श्रमिकों को मासिक पेंशन सुनिश्चित करने के लिए नगरीय निकाय और जनपद पंचायतें ऑन द स्पॉट पंजीयन शिविर लगाएं। श्रम विभाग को लक्ष्य निर्धारित कर इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई है।
किसानों के लिए कुसुम योजना पर जोर
खेती की लागत कम करने और बिजली पर निर्भरता घटाने के लिए कलेक्टर ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना की समीक्षा की। उन्होंने कृषि और ऊर्जा विभाग को निर्देश दिए कि सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधाओं के लिए पात्र किसानों का चयन जल्द कर स्थापना कार्य पूरा किया जाए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर वंदना राजपूत और संयुक्त कलेक्टर जमील खान सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button