कलेक्टर का रेहटी दौरा, स्कूल भवन से लेकर अस्पताल तक परखी व्यवस्थाएं

सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के. ने शुक्रवार को रेहटी और भैरूंदा तहसील का सघन दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। रेहटी प्रवास के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने रेहटी में निर्माणाधीन शासकीय सांदीपनी स्कूल भवन का मुआयना किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं किया जाएगा और एजेंसी को इसे तय समय पर पूरा करना होगा। इसके बाद वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रहे उपचार की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में सफाई और मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
गांवों में जनगणना कार्य का लिया हिसाब
क्षेत्र के ग्राम राला, आगरा और सतराना पहुंचकर कलेक्टर ने चल रहे जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और पंचायत सचिवों से चर्चा कर निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवार की जानकारी सटीक और पारदर्शी तरीके से दर्ज की जाए। इस दौरान उन्होंने राला में निर्माणाधीन नई कृषि मंडी का भी अवलोकन किया।
नरवाई न जलाने की अपील
कलेक्टर ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए नरवाई न जलाने की अपील की। उन्होंने समझाया कि इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान होता है, बल्कि मिट्टी की शक्ति भी कम होती है। वहीं लाडकुई में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाना प्राथमिकता है, इसमें लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।



