विधायक कार्यालय बन बैठा है कॉलेज: एनएसयूआई

अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं को लेकर कॉलेज में एनएसयूआई का प्रदर्शन, प्राचार्य से बहस

सीहोर। आष्टा स्थित शासकीय शहीद भगत सिंह महाविद्यालय में व्यवस्थाओं, छात्र संगठनों से कथित भेदभाव और नियुक्तियों में गड़बड़ी के मुद्दों पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई ने मोर्चा खोल दिया है। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हरिओम सिसोदिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और प्राचार्य के बीच तीखी बहस भी हुई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हरिओम सिसोदिया ने महाविद्यालय प्रशासन और कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा शासकीय महाविद्यालय अब विधायक कार्यालय बन चुका है और प्राचार्य यहां विधायक प्रतिनिधि का दायित्व निभा रहे हैं। महाविद्यालय परिसर में राजनीतिक हस्तक्षेप किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्रावास शुरू करने की मांग
एनएसयूआई ने जनभागीदारी और अतिथि विद्वानों की नियुक्तियों में गंभीर सवाल उठाए। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण में बिना किसी विज्ञप्ति या परीक्षा के अयोग्य लोगों को बैकडोर से नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने सत्र 2025-26 की नियुक्तियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की और दावा किया कि कई अतिथि विद्वान के तय मानकों को पूरा नहीं करते। इसके अलावा लंबे समय से बनकर तैयार पड़े छात्र-छात्राओं के छात्रावासों को तुरंत शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्राचार्य ने खारिज किए आरोप
दूसरी ओर प्राचार्य ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे शासन के नियमों के तहत निष्पक्ष होकर कार्य करते हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान एबीवीपी और एनएसयूआई समेत सभी छात्र संगठनों को नियमानुसार लिखित आवेदन मिलने पर गतिविधियां संचालित करने की अनुमति दी गई है। कॉलेज प्रशासन किसी भी राजनीतिक दल या संगठन का पक्षपात नहीं करता।
आंदोलन और कॉलेज घेराव की चेतावनी
एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों और फर्जी नियुक्तियों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करते हुए महाविद्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह मेमदाखेड़ी, वरिष्ठ नेता एचआर परमाल, यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संदीप हाजीपुर, लोकेंद्र बीलपान, अखिलेश राजपूत, अंशु ठाकुर, दीपक गोस्वामी, नितेश लसुडिय़ा, सुमित पटेल, देवराज मालवीय, हेमंत पंवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version