चाणक्यपुरी में बिखरे हरियाली तीज के रंग, क्षत्रिय महासभा की मातृशक्ति ने रचा उत्सव, गीतों और खेलों से सजा मंच

सीहोर। सावन के पावन महीने में चारों ओर छाई हरियाली के बीच अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा मातृशक्ति द्वारा हरियाली तीज का त्योहार बेहद धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। चाणक्यपुरी स्थित कृष्णा सेलिब्रेशन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रकला तोमर और सपना तोमर की मौजूदगी ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी।
तीज के पारंपरिक रंग में रंगी मातृशक्ति हरे रंग के खूबसूरत और आकर्षक परिधानों में सज-धजकर पहुंचीं। सावन के झूले, हाथों में रची मेहंदी और महिलाओं के बीच की खुशियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। तीज के सुरीले भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह भक्ति और उमंग से सराबोर कर दिया।
प्रतियोगिताओं और डांस ने बांधा समां
उत्सव को और भी मजेदार बनाने के लिए कई तरह की रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पेंसिल रेस, कुर्सी दौड़, गायन और डांस मुकाबलों में महिलाओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। इस दौरान हंसी-ठिठोली और गूंजती तालियों ने कार्यक्रम का उत्साह दोगुना कर दिया।
संस्कृति और सौहार्द को बढ़ावा देने की पहल
कार्यक्रम के दौरान महासभा की महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे के करीब लाते हैं। इससे समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। साथ ही हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली नई पीढ़ी तक पहुंचाने में ऐसे आयोजनों का बड़ा योगदान होता है।
बड़ी संख्या में जुटी मातृशक्ति
कार्यक्रम को सफल बनाने में अखिल भारतीय मातृशक्ति की जिलाध्यक्ष रश्मि तोमर के साथ मिथिलेश चौहान, आशा चौहान, ज्योति भदोरिया, सरोज ठाकुर, बृजेश सेंगर, संगीता सेंगर, प्रतिभा तोमर, रीना तोमर, तृप्ति सिकरवार, मंजू चौहान, श्वेता परिहार, सपना तोमर, निरंजन गौर, मोनिका सोलंकी, ज्योति सेंगर, चंद्रकला जादौन, अर्चना चौहान और रेखा चौहान सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।



