
सीहोर। जिलेभर में मूंग खरीदी और खाद के लिए बनाई गई जटिल ई-टोकन प्रणाली को लेकर कांग्रेस और किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। यही कारण है कि अब गांव-गांव में किसान और कांग्रेस सरकार के पुतले फूंक रहे हैं। इससे पहले किसान स्वराज संगठन ने भी मूंग खरीदी और खाद की ई टोकन व्यवस्था को लेकर बुधनी विधानसभा के भैरूंदा और रेहटी में बड़ा आंदोलन किया था। उन्हें आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अब तक इसको लेकर कोई निर्देश एवं आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
कांग्रेस ने किया अनोखा प्रदर्शन
बुधनी विधानसभा के बकतरा में किसान कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के किसानों ने एक अनोखा और उग्र प्रदर्शन किया। ढोल धमाकों के बीच कांग्रेस नेताओं ने पुतले फूंके। प्रदर्शन का अंत यहीं नहीं हुआ। कांग्रेसियों और किसानों ने इन पुतलों की राख को बकायदा एकत्रित किया और उसे जैत स्थित नर्मदा नदी में विसर्जित कर दिया।
पुलिस से झड़प, पानी की बौछारें भी बेअसर
पूर्व विधायक देवकुमार पटेल और किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में हुआ यह प्रदर्शन बेहद आक्रामक था। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतलों को आग लगाना शुरू किया, वहां तैनात भारी पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें भी छोड़ी गईं, जिसके चलते पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और भारी मशक्कत देखने को मिली। हालांकि आक्रोशित कांग्रेसी पीछे नहीं हटे और पुलिसिया बल प्रयोग के बावजूद पुतलों का दहन करके ही दम लिया। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि किसानों के हक, सम्मान और उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए हमारा यह संघर्ष हर स्तर पर जारी रहेगा। जब तक सरकार 100 प्रतिशत मूंग खरीदी सुनिश्चित नहीं करती और इस जटिल ई टोकन प्रणाली को पूरी तरह समाप्त नहीं करती, तब तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
सोयत, सलकनपुर में भी जलाए पुतले
सीहोर जिले के ग्राम सोयत एवं सलकनपुर में भी किसानों और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुतले जलाए एवं विरोध जताया। सोयत में संतोष पटेल, धन्नजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने नारेबाजी करते हुए पुतले जलाए तो वहीं सलकनपुर में अनिरुद्ध दुबे, विपत सिंह उइके के नेतृत्व के पुतलों के दहन किया गया। गांव गांव में सरकार के खिलाफ किसानों का गुस्सा तेज हो रहा है।