कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़े बेकाबू कार्यकर्ता

जिले भर से पहुंचे बड़ी संख्या में कांग्रेसी, पुलिस से हुई झड़प, बैरिकेडिंग भी नहीं रोक पाई

सीहोर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय पर कांग्रेस ने जोरदार और आक्रामक प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पूरे जिले से हजारों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं का गुस्सा इस कदर देखने को मिला कि पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स भी उन्हें नहीं रोक पाए। उत्तेजित कार्यकर्ता पुलिसिया घेराबंदी को नजरअंदाज करते हुए सीधे बैरिकेड्स के ऊपर जा चढ़े, जिससे मौके पर काफी देर तक अफरा तफरी और पुलिस के साथ तीखी झड़प का माहौल बना रहा।
प्रदर्शन की शुरुआत शहर के प्रमुख मार्गों से एक विशाल पैदल मार्च के रूप में हुई। मार्च में शामिल कांग्रेसी कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर धांधली और गड़बडिय़ां की जा रही हैं।

बैरिकेड्स पर चढ़े कार्यकर्ता, पुलिस की मशक्कत
कांग्रेस के इस प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर सख्त इंतजाम किए थे, लेकिन जैसे ही प्रदर्शनकारियों का हुजूम आगे बढ़ा, कार्यकर्ताओं का सब्र टूट गया। पुलिस की रोक-टोक के बावजूद कांग्रेसी बैरिकेड्स के ऊपर चढ़ गए और उन्हें पार करने की कोशिश करने लगे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
निष्पक्ष चुनाव ही लोकतंत्र की नींव
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने मंच से सरकार और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव ही हमारे लोकतंत्र का असली आधार हैं, लेकिन आज जिस तरह से चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची पर सवाल खड़े हो रहे हैं, उससे आम जनता का भरोसा डगमगा गया है। नेताओं ने साफ कहा कि लोकतंत्र और निष्पक्षता को बचाने के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर गांव-गांव से आए कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और मतदाता सूचियों में हुई गड़बडिय़ों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।

Exit mobile version