जिले भर में पूरी दमदारी से निकाय चुनाव लड़ेगी कांग्रेस: गुजराती

सीहोर। आगामी पंचायत और नगर पालिका चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अभी से अपनी कमर कस ली है। जिले में पार्टी को मजबूत करने और आगामी चुनावों में जीत दर्ज करने के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेस ने अपनी रणनीतियां बनाना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में बुधवार को शहर के निजी गार्डन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता खुद जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती ने की और जिला प्रभारी दिनेश मेघानी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दिलचस्प बात यह है कि आमतौर पर अब तक कांग्रेस की बैठकें या कार्यक्रम बस स्टैंड स्थित कांग्रेस कार्यालय में ही संपन्न हो जाया करते थे। लेकिन बीते कुछ महीनों से सीहोर में कांग्रेस का एक अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह इस कदर बढ़ गया है कि अब पार्टी का पुराना कार्यालय छोटा पडऩे लगा है। बैठकों और कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की तादाद इतनी ज्यादा हो रही है कि कांग्रेस को अपनी छोटी बैठकें भी शहर के बड़े गार्डनों में आयोजित करनी पड़ रही हैं।
कमजोर वार्डों पर विशेष फोकस
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती ने साफ किया कि कांग्रेस इस बार जिले भर में पूरी दमदारी से निकाय चुनाव लड़ेगी। उन्होंने चुनावी रणनीति साझा करते हुए कहा कि इस बार पार्टी का विशेष फोकस उन वार्डों पर रहेगा, जहां संगठन पिछले कुछ समय में कमजोर रहा है। गुजराती ने निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में बूथ स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाए और संगठन को मजबूत बनाया जाए। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में पूरी ताकत से मैदान में उतरने का संकल्प दिलाया।
युवा स्वाभिमान यात्रा को लेकर सौंपी जिम्मेदारियां
बैठक में आगामी 14 और 15 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में इंदौर से भोपाल तक निकलने वाली युवा स्वाभिमान यात्रा की तैयारियों पर भी गंभीर मंथन हुआ। राजीव गुजराती ने बताया कि 15 जुलाई को शहर में एक विशाल आमसभा का आयोजन किया जाएगा। इस आमसभा को सफल बनाने के लिए उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इस यात्रा से जोड़ा जा सके।
स्थानीय मुद्दों पर सरकार को घेरा
डीसीसी अध्यक्ष राजीव गुजराती ने शहर की स्थानीय समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर हमले किए। उन्होंने शहर की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, दूषित पेयजल की सप्लाई और सीवन नदी के सौंदर्यीकरण में हुए कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए। गुजराती ने कहा शहर में विकास के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति हो रही है। जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है और सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है। कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और इन जनसमस्याओं को लेकर सडक़ पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
अनुशासन और आपसी समन्वय पर जोर
बैठक में मौजूद नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और उनसे अनुशासन व आपसी समन्वय के साथ चुनावी मैदान में जुटने का आह्वान किया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और जमीनी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार नगर अध्यक्ष घनश्याम यादव ने व्यक्त किया।

Exit mobile version