मॉडिफाइड साइलेंसर बुलेट और मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई, 10 पटाखा बुलेट पर 50 हजार जुर्माना

- सीहोर कोतवाली थाना पुलिस की कार्रवाई, सख्त हिदायत भी दी

सीहोर। यातायात नियमों को धत्ता बताते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर बुलेट गाड़ियों पर सीहोर कोतवाली थाना पुलिस ने शिकंजा कसा है। कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश दुबे के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 10 पटाखा बुलेट पर चालानी कार्रवाई की एवं 50 हजार का जुर्माना वसूला है। इसके साथ ही वाहन चालकों को हिदायत दी गई है कि वे आगे से गाड़ियों को मॉडिफाइड नहीं कराएं। यातायात नियमों का पालन करते हुए अपने वाहन चलाएं।
कानफोड़ू आवाज से परेशान होते हैं लोग-
बुलेट, मोटरसाइकिलों को मॉडिफाइड कराकर युवाओं द्वारा तेज आवाज के साथ इन्हें चलाया जाता है। इसकी आए दिन शिकायतें भी होती हैं, लेकिन इस बार पुलिस ने इन वाहन चालकों पर सख्ती दिखाई और कार्रवाई करते हुए जहां जुर्माना वसूला तो वहीं उनकी गाड़ियों से मॉडिफाइड साइलेंसर भी हटवाए गए। थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश दुबे ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि साइलेंसर मॉडिफाई कराकर तेज व पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों से आम जनता, बुजुर्गों और मरीजों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। शहर में शांति व यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करने वाले चालकों के खिलाफ यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं।
पुलिस कर रही लगातार कार्रवाई-
इससे पहले गत दिवस भी सीहोर कोतवाली थाना पुलिस ने ऐसी ही गाड़ियों पर चालानी कार्रवाई की थी। उस दौरान 5 बुलेट जप्त की गई थीं एवं इन वाहन चालकों से करीब 25 हजार रूपए का जुर्माना भी वसूला गया था। सीहोर पुलिस द्वारा लगातार ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है और उनसे जुर्माना भी वसूला जा रहा है। इन वाहन चालकों को हिदायत भी दी जा रही है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए अपने वाहन चलाएं।

Exit mobile version