Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बुधनी की अदालत कॉलोनी में पानी से भरे प्लॉट में दिखा मगरमच्छ, फैली दहशत

सीहोर। बुधनी स्थित वार्ड क्रमांक 4 की अदालत कॉलोनी में सोमवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब बारिश के पानी से लबालब भरे एक खाली प्लॉट में मगरमच्छ तैरता हुआ दिखाई दिया। रिहायशी इलाके में अचानक मगरमच्छ की मौजूदगी से आसपास के रहवासियों में भारी दहशत फैल गई। लोगों ने अपने-अपने घरों की छतों से पानी में तैरते मगरमच्छ का वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में हुई तेज बारिश के कारण कॉलोनी के खाली पड़े प्लॉटों में पानी भर गया है। सोमवार को अचानक जब लोगों की नजर पानी में तैरते मगरमच्छ पर पड़ी तो पूरी कॉलोनी में अफरा तफरी का माहौल बन गया। लोग एहतियात के तौर पर अपने बच्चों को लेकर छतों और सुरक्षित स्थानों पर चले गए। नागरिकों के अनुसार बुधनी क्षेत्र में मगरमच्छ मिलने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी बुधनी घाट रोड स्थित एक खेत में मगरमच्छ देखा गया था, जिसे पकडऩे में वन विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। अब दोबारा रिहायशी बस्ती में मगरमच्छ मिलने से लोग बेहद खौफजदा हैं।
रेस्क्यू का प्रयास जारी
कॉलोनी में मगरमच्छ दिखने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी रजित द्विवेदी ने वन अमले को तत्काल मौके पर भेजा। वन विभाग की टीम लगातार खाली प्लॉट और आसपास के जलभराव वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए है तथा मगरमच्छ को सुरक्षित पकडऩे के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
पानी से भरे स्थानों से दूर रहें नागरिक
मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने कॉलोनीवासियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे जलभराव वाले खाली प्लॉटों या गहरे पानी के आसपास जाने से बचें। यदि दोबारा मगरमच्छ दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे छेडऩे की गलती न करें और तुरंत वन विभाग को सूचित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button