सीसीटीव्ही मेें कैद हुए शातिर चोर, मंडी पुलिस ने वारंटियों को पकड़ा

सीहोर। जिले के रेहटी नगर में चोरी करते हुए शातिर चोर सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हुए हैं। ये चोर पिछले दिनों रात में बाजार स्थित दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे, लेकिन उन्हें कुछ भी हासिल नहीं हुआ। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीव्ही में कैद हो गई। चोर मोटरसाइकिल से आए थे। एक ने निगरानी की तो दूसरे ने शटर का ताला तोड़ा। चोरी की घटना का पता सुबह चला। इसके बाद दुकानदार मंगल सिंह चौहान ने रेहटी थाने में आवेदन दिया है। उन्होंने चोरी की वारदात करने वाले चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस से अपील की है। इधर जिले की मंडी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के अपराधों में फरार स्थाई गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार थाना मंडी जिला सीहोर में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 62/2026, धारा 303(2) बीएनएस में फरार अभियुक्त गोविंद जांगड़ा पिता माखन जांगड़ा उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम डेंडी थाना शुजालपुर जिला शाजापुर एवं अपराध क्रमांक 390/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में फरार अभियुक्त सुनील मालवीय पिता कैलाश मालवीय उम्र 34 वर्ष निवासी फ्रीगंज मंडी थाना शुजालपुर जिला शाजापुर को पकड़ा है। दोनों ही आरोपी घटना दिनांक से फरार चल रहे थे। उक्त दोनों प्रकरणों में न्यायालय द्वारा आरोपियों के विरुद्ध स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। इसके बाद घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर चोरी में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए गए। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतारसी कर गोविंद जांगड़ा एवं सुनील मालवीय को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल सीहोर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एसआई दिनेश कुमार सहगल, सचिन सिंह जाट, उमेश वर्मा, अनिल दोहरे एवं नेपाल सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Exit mobile version