शराबी चालक ने किया हंगामा, पुलिस चेकिंग के दौरान की बदसलूकी और हाथापाई

सीहोर। शहर के सेकड़ाखेड़ी जोड़ के पास यातायात पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ा हंगामा सामने आया है। शराब के नशे में धुत एक लोडिंग वाहन के चालक ने पुलिस टीम के साथ जमकर बदसलूकी की और हाथापाई पर उतारू हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और उसका लोडिंग वाहन जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार यातायात सूबेदार ब्रजमोहन धाकड़ अपनी टीम के साथ सेकड़ाखेड़ी जोड़ के पास नियमित रूप से वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक संदिग्ध लोडिंग वाहन को रोककर जांच की गई। गाड़ी रोकते ही पुलिसकर्मियों को चालक के पास से शराब की तेज बदबू महसूस हुई। जब पुलिसकर्मियों ने चालक का अल्कोहल मीटर से टेस्ट कराने का प्रयास किया तो चालक और उसके साथ मौजूद साथी भडक़ गए और पुलिस से बहस करने लगे।
वर्दी पकडऩे की कोशिश, अभद्र भाषा का इस्तेमाल
अल्कोहल टेस्ट से बचने के लिए नशे में धुत चालक लगातार हंगामा करता रहा। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के समझाने के बावजूद वह नहीं माना और लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता रहा। हद तो तब हो गई जब हाथापाई पर उतारू होकर उसने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की वर्दी तक पकडऩे की कोशिश की।
विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज, वाहन जब्त
मौके पर स्थिति बिगड़ती देख यातायात पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को तुरंत अपनी हिरासत में लिया और लोडिंग वाहन को जब्त कर थाने पहुंचा दिया। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता व हाथापाई करने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।



